नई दिल्ली : आईपीएल 2026 में बुधवार (13 मई 2026) को सीजन का 57वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केकेआर को 6 विकेट से हराया। डिफेंडिंग चैंपियन बेंगलुरु की इस सीजन 12 मैचों में यह 8वीं जीत रही, जिसके साथ टीम अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई।
साथ ही केकेआर के लिए अब प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी हैं। टीम को 11वें मुकाबले में छठी हार का सामना करना पड़ा है। उसके अभी 9 अंक हैं और बचे हुए तीन मैच अगर कोलकाता जीती भी तो सिर्फ 15 अंक तक ही पहुंचेगी। ऐसे में 16 अंक का मैजिकल फिगर जो प्लेऑफ क्वालिफिकेशन का मानक माना जा रहा है, वह उसके लिए मुश्किल हो जाएगा।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने खड़ा किया चुनौतीपूर्ण स्कोर
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी। फिन एलन ने 8 गेंद पर 18 रन और कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 13 गेंद पर 19 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने की भी कोशिश की। मगर 5वें ओवर में 48 रन पर टीम के दो विकेट गिर गए थे। उसके बाद अंगकृष रघुवंशी ने एक बार फिर टीम की जिम्मेदारी संभाली।
युवा रघुवंशी ने रनआउट होने से पहले 46 गेंद पर 71 रन की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 7 चौके और तीन छक्के लगाए। कैमरन ग्रीन (24 गेंद 32 रन) ने भी अहम भूमिका निभाई और तीसरे विकेट के लिए अंगकृष के साथ 68 रनों की साझेदारी की। अंत में रिंकू सिंह ने 29 गेंद पर नाबाद 49 रन बनाकर स्कोर 20 ओवर में 4 विकेट पर 192 तक पहुंचा दिया।
चेज मास्टर विराट ने फिर दिलाई आरसीबी को जीत
193 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य चेज करने उतरी आरसीबी को 37 के स्कोर पर जैकब बेथेल (15 रन) के रूप में बड़ा झटका लगा। विराट कोहली एक छोर पर डटे रहे और दूसरे छोर से सभी बल्लेबाज आते रहे और छोटे-छोटे योगदान देते गए। देवदत्त पडिक्कल 39 के साथ उन्होंने 92 रन की साझेदारी दूसरे विकेट के लिए की। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार (11) और टिम डेविड (2) के रूप में दो जल्दी विकेट गिरे।
विराट कोहली का बल्ला एक बार फिर जमकर बोला और उन्होंने शानदार अंदाज में रनों की बरसात कर दी। कोहली ने बेहतरीन शतक लगाते हुए 60 गेंदों पर नाबाद 105 रन बनाए। अपनी इस शानदार पारी में उन्होंने 11 चौके और 3 छक्के जड़े। उनकी दमदार बल्लेबाजी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आखिर उन्हें ‘चेज मास्टर’ क्यों कहा जाता है। कोहली की इस मैच जिताऊ पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर 194 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।


