विराट कोहली ने तोड़ा बड़ा रिकॉर्ड, साहिबजादा फरहान समेत 4 बल्लेबाजों को छोड़ा पीछे

0

नई दिल्ली : विराट कोहली ने आईपीएल 2026 के 57वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 105 रन की शतकीय पारी खेली। केकेआर के खिलाफ पिछले दो मुकाबलों में शून्य पर आउट होने वाले कोहली ने जोरदार वापसी करते हुए अपने आईपीएल करियर का 9वां और टी20 करियर का 10वां शतक जड़ा। इस ऐतिहासिक पारी के दम पर कोहली ने साहिबजादा फरहान समेत चार बल्लेबाजों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए, जबकि क्रिस गेल के एक बड़े विश्व रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया।

विराट कोहली ने तोड़ा क्रिस गेल का विश्व रिकॉर्ड

कोहली ने केकेआर के खिलाफ अपनी नाबाद 105 रन की पारी के दौरान टी20 क्रिकेट में 14,000 रन भी पूरे किए। वो अब टी20 प्रारूप में सबसे कम पारियों में 14 हजार रन बनाने वाले बैटर बने। उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गेल ने ये कमाल 423 पारियों में किया था जबकि कोहली ने ऐसा सिर्फ 409 पारियों में किया।

सबसे तेज 14 हजार टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची

409 पारी – विराट कोहली
423 पारी – क्रिस गेल
431 पारी – डेविड वॉर्नर
468 पारी – जोस बटलर
505 पारी – एलेक्स हेल्स
633 पारी – कीरोन पोलार्ड

विराट कोहली का बड़ा धमाका, 4 खिलाड़ियों के रिकॉर्ड टूटे

कोहली ने केकेआर के खिलाफ जो शतक लगाया ये उनके टी20 करियर का 10वां शतक रहा। उन्होंने साहिबजादा फरहान, अभिषेक शर्मा, क्विंटन डिकॉक और रिली रोसो को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने टी20 क्रिकेट में अब तक 9-9 शतक लगाए हैं। कोहली ने डेविड वॉर्नर की बराबरी कर ली जिन्होंने टी20 में 10 शतक लगाए थे और इस प्रारूप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में वॉर्नर के साथ संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर आ गए।

कोहली ने रोहित की कर ली बराबरी

केकेआर के खिलाफ नाबाद 105 रन की पारी खेलने वाले कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। आईपीएल में ये उनका 21वां प्लेयर ऑफ द मैच खिताब रहा और उन्होंने रोहित शर्मा की बराबरी कर ली। इस लीग में वो अब रोहित के साथ सबसे ज्यादा बार ये खिताब जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में पहले नंबर पर आ गए। दूसरे नंबर पर एमएस धोनी हैं।

आईपीएल में सबसे ज्यादा बार प्लेयर ऑफ द मैच खिताब जीतने वाले भारतीय

21 – विराट कोहली
21 – रोहित शर्मा
18 – एमएस धोनी
17 – रवींद्र जडेजा
17 – केएल राहुल
16 – यूसुफ पठान

विराट ने तोड़ा बेन स्टोक्स का रिकॉर्ड

कोहली ने आईपीएल में चेज करते हुए तीसरी बार शतक लगाने का कमाल किया और जोस बटलर की बराबरी पर आ गए। इस लीग में चेज करते हुए बटलर ने तीन बार शतक लगाए हैं और कोहली ने भी ये कमाल तीसरी बार किया किया। कोहली ने बेन स्टोक्स का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने इस लीग में चेज करते हुए 2 बार शतक लगाया था।

आईपीएल में चेज करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बैटर्स

3 – जोस बटलर
3 – विराट कोहली
2 – बेन स्टोक्स

केकेआर के खिलाफ पूरे किए 1000 रन

कोहली ने केकेआर के खिलाफ नाबाद 105 रन की पारी खेली और इस लीग में इस टीम के खिलाफ 1000 रन बनाने वाले पहले बैटर भी बने। यही नहीं कोहली इस लीग में 4 टीमों के खिलाफ 1000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले पहले बैटर भी बने। कोहली अब तक केकेआर के खिलाफ 1126 रन बना चुके हैं।

IPL में किसी एक विरोधी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन

1174 रन – विराट कोहली बनाम CSK
1172 रन – विराट कोहली बनाम DC
1161 रन – रोहित शर्मा बनाम KKR
1159 रन – विराट कोहली बनाम PBKS
1134 रन – डेविड वॉर्नर बनाम PBKS
1126 रन – विराट कोहली बनाम KKR

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here