महिला T20I में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड खतरे में, स्मृति मंधाना की नजर नंबर-1 पर

0

नई दिल्ली : महिला एशिया कप 2026 के तीसरे लीग मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सामना पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम से होगा। इस मैच में स्मृति मंधाना के पास इतिहास रचने का शानदार मौका होगा। मंधाना फिलहाल महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। अब पाकिस्तान के खिलाफ वह शानदार पारी खेलकर न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स को पीछे छोड़ सकती हैं और महिला टी20आई में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती हैं।

नंबर-1 के ताज से बस एक कदम दूर स्मृति मंधाना

पाकिस्तान के खिलाफ अगर स्मृति मंधाना 78 रन बनाने में कामयाब हो जाती हैं तो वो महिला टी20आई में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर बन जाएंगी और सूजी बेट्स का रिकॉर्ड टूट जाएगा। अभी सूजी बेट्स 178 मैचों में 28.83 के औसत से 4758 रन बनाकर इस लिस्ट में सबसे आगे हैं। वहीं स्मृति मंधाना ने 167 मैचों में 30.79 के औसत से 4681 रन बनाए हैं। गुरुवार को एशिया कप के दूसरे ग्रुप-स्टेज मैच में हांगकांग के खिलाफ 124 रनों की जबरदस्त पारी खेलने के बाद स्मृति मंधाना, सूजी बेट्स के रिकॉर्ड के करीब पहुंच गईं थीं। हालांकि मंधाना महिला टी20आई में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर हैं।

महिला T20I में सर्वाधिक रन बनाने वाली टॉप-5 बल्लेबाज
  • सुजी बेट्स: 4758 रन
  • स्मृति मंधाना: 4681 रन
  • हरमनप्रीत कौर: 4231 रन
  • चमारी अट्टापट्टू: 4094 रन
  • सोफी डिवाइन: 3817 रन
टेस्ट क्रिकेट में स्मृति मंधाना ने जोड़े 788 रन

स्मृति मंधाना महिला टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से संध्या अग्रवाल के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दूसरी बल्लेबाज हैं। उन्होंने 9 टेस्ट मैचों में 52.53 के शानदार औसत से 788 रन बनाए हैं। महिला वनडे क्रिकेट में भी मंधाना भारत की ओर से मिताली राज के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दूसरी बल्लेबाज हैं। उन्होंने 120 वनडे मैचों में 47.88 के औसत से 5,411 रन बनाए हैं। वहीं, एशिया कप 2026 के दौरान गुरुवार को मंधाना ने मिताली राज को पीछे छोड़ते हुए महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने की उपलब्धि हासिल की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here