अतुल खरे के ऑलराउंड प्रदर्शन से भोपाल मास्टर्स फाइनल में, रेलवे मास्टर्स को 19 रन से हराया

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल।  कैलाश नारायण सारंग (बाबूजी) की स्मृति में आयोजित 9वें ऑल इंडिया मास्टर्स कप क्रिकेट टूर्नामेंट के वेटरन ग्रुप में भोपाल मास्टर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया। सेमीफाइनल मुकाबले में भोपाल मास्टर्स ने रेलवे मास्टर्स को 19 रन से हराकर जीत दर्ज की, जिसमें अतुल खरे ने बल्ले और गेंद दोनों से अहम भूमिका निभाई।

मैच में भोपाल मास्टर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 153 रन बनाए। टीम की ओर से अतुल खरे ने 35 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि पुष्पेंद्र चौहान और दिलीप गंगवानी ने 23-23 रन का योगदान दिया। सुनील अहिरवार ने 19 रन, शैलेश पटेल ने 12 रन और सोनू प्रजापति ने 10 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूत किया। रेलवे मास्टर्स की ओर से गेंदबाजी में रवि नरवरे ने 32 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं ओसाफ उर रहमान ने 21 रन देकर 2 विकेट झटके। शादाब तबरेज और शांति दुबे को एक-एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे मास्टर्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। टीम 19.3 ओवर में 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और मैच 19 रन से हार गई। रेलवे मास्टर्स के लिए रविंद्र सिंह ने 36 रन बनाए, जबकि विवेक परिहार और जावेद खान ने 20-20 रन का योगदान दिया। फुरकान ने 13 और शादाब खान ने 10 रन बनाए। भोपाल मास्टर्स की ओर से गेंदबाजी में अतुल खरे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 रन देकर 5 विकेट झटके और मैच के हीरो बनकर उभरे। इसके अलावा ब्रह्मा ने 34 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि प्रदीप सोनू और पुष्पेंद्र ने एक-एक विकेट हासिल किया।

अतुल खरे को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें वरिष्ठ क्रिकेटर और एनआईएस कोच शैलेश शुक्ला एवं बीडीसीए के उपाध्यक्ष डॉ. सुशील सिंह ठाकुर ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश पैरा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. विवेक परिहार और वरिष्ठ क्रिकेटर मुबारक खान भी मौजूद रहे। अब वेटरन ग्रुप का फाइनल मुकाबला 8 अप्रैल को सुबह 8:30 बजे भोपाल मास्टर्स और आईपीसीए के बीच खेला जाएगा, जहां खिताब के लिए दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here