नई दिल्ली : बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने 22 अगस्त से मैके में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में सिर्फ एक बदलाव किया है। सलामी बल्लेबाज जैक वेदरल्ड की जगह मैट रेनशॉ की टीम में वापसी हुई है। रेनशॉ करीब तीन साल बाद टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे। उन्होंने अपना पिछला टेस्ट फरवरी 2023 में दिल्ली में भारत के खिलाफ खेला था। वहीं, लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे मार्नस लाबुशेन पर टीम प्रबंधन ने एक बार फिर भरोसा जताया है और उनकी जगह बरकरार रखी है।
तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड को बाहर रखा गया है। मध्य क्वींसलैंड का हल्की ठंड वाला मौसम के देखते हुए उम्मीद की जा रही थी कि नाथन लियोन की जगह बोलैंड को मौका दिया जा सकता है, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 2025 में पिंक-बॉल टेस्ट के लिए दो बार केवल तेज गेंदबाजों वाले अटैक के साथ उतरी है। रेड-बॉल टेस्ट के लिए फिट रहने पर लियोन को आखिरी बार प्लेइंग इलेवन से बाहर 14 साल पहले वाका में रखा गया था।
लियोन के खिलाफ बांग्लादेशी बल्लेबाजों का दिखा आत्मविश्वास
डार्विन में पहली पारी में लियोन ने 102 रन देकर 1 विकेट लिया। पिछले साल दिसंबर में हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण एशेज सीरीज से बाहर होने के बाद यह उनका पहला मैच था। बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। उनकी इकॉनमी चार रन प्रति ओवर से ज्यादा की रही।
रेनशॉ की टेस्ट टीम में वापसी, खेलेंगे 15वां मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया की टीम में बदलाव का संकेत कुछ दिन पहले ही मिल गया था, जब जैक वेदरल्ड की जगह मैट रेनशॉ को टीम में शामिल किया गया था। वेदरल्ड ने डार्विन टेस्ट में 23 और 0 रन बनाए थे और दोनों पारियों में उन्हें मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए हसन महमूद ने आउट किया था। अब रेनशॉ अपना 15वां टेस्ट मैच खेलने उतरेंगे। पिछले सीजन में शेफील्ड शील्ड में उनका बल्लेबाजी औसत 49.90 रहा था। टेस्ट क्रिकेट में रेनशॉ का कुल औसत 29.31 है, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 184 रन है, जो उन्होंने 2017 की शुरुआत में पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था।
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग 11
मैथ्यू रेनशॉ, ट्रैविस हेड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), ब्यू वेबस्टर, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड।


