(NST News) भोपाल. भोपाल में एलएनसीटी यूनिवर्सिटी, कोलार रोड में सिको काई कराटे इंटरनेशनल द्वारा आयोजित द्वितीय भोपाल ओपन कराते चैंपियनशिप में रिद्धि अग्रवाल ने शानदार प्रदर्शन किया। टी.टी. नगर स्टेडियम से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही रिद्धि ने महिला सीनियर ओपन कुमिते वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें 10,000 रुपये की नकद राशि भी प्रदान की गई। खिलाड़ी की इस जीत से भोपाल और मध्यप्रदेश के कराते प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी चमकी प्रतिभा
रिद्धि ने इससे पहले जुलाई माह में श्रीलंका में आयोजित साउथ एशियन कराते चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया था। उनकी लगातार मेहनत और प्रशिक्षण ने उन्हें इस सफलता तक पहुंचाया। प्रशिक्षक और खेल प्रेमियों का मानना है कि रिद्धि की यह उपलब्धि स्थानीय युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उनका यह प्रदर्शन दिखाता है कि अगर लगन और मेहनत दोनों हों, तो खिलाड़ी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
मार्गदर्शन और आशीर्वाद का रहा साथ
रिद्धि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और प्रशिक्षकों सेंसई रुद्र प्रताप सिंह रघुवंशी और सेंसई पलाश समाधिया को दिया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही यह उपलब्धि संभव हो पाई। प्रशिक्षक भी रिद्धि के उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे हैं और उम्मीद जताई है कि वह आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेंगी।


