रिंकू हुड्डा ने रचा इतिहास, सबरीना फॉर्च्यून ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली.नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में चल रही वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में सोमवार का दिन भारत और ब्रिटेन दोनों के लिए यादगार रहा। ब्रिटेन की सबरीना फॉर्च्यून ने महिलाओं की शॉट पुट F20 स्पर्धा में 16.75 मीटर का थ्रो कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। यह उनका चौथा स्वर्ण पदक है। उन्होंने शुरुआत में ही यह थ्रो कर दिया और बाकी सभी प्रयासों में भी आसानी से बढ़त बनाए रखी।

भारत के लिए बड़ी खुशी उस वक्त आई जब हरियाणा के रिंकू हुड्डा ने पुरुषों की भाला फेंक (F46) स्पर्धा में 66.37 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस मुकाबले में उनका सामना अपने ही साथी सुंदर सिंह गुर्जर से था, जिन्होंने 64.76 मीटर फेंककर रजत पदक जीता। क्यूबा के गोंजालेज को कांस्य और भारत के अजीत सिंह चौथे स्थान पर रहे। हुड्डा की यह जीत खास रही क्योंकि उन्होंने चैंपियनशिप रिकॉर्ड तोड़ते हुए लगातार तीन पुराने विजेताओं को पछाड़ा।

सोमवार को कुल छह नए रिकॉर्ड बने, लेकिन भारतीय दर्शकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण रिंकू हुड्डा का स्वर्ण पदक रहा। इस जीत के साथ भारत पदक तालिका में ऊपर पहुंचा, जबकि चीन ने अपने स्वर्ण और रजत पदकों की बदौलत शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। इस बार की चैंपियनशिप भारत के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है क्योंकि इसमें 104 देशों के 2200 से ज्यादा पैरा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और यह 2028 लॉस एंजिलिस पैरालंपिक के लिए क्वालिफायर भी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here