UP T20 League में रिंकू का जलवा, 55 रन की पारी से मेरठ ने फिर मारी बाजी

0

नई दिल्ली : यूपी टी20 लीग के आठवें मुकाबले में बुधवार, 19 अगस्त 2026 को रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मैवेरिक्स ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की। मुकाबले में रिंकू ने शानदार कप्तानी पारी खेलते हुए 24 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाए। उनकी इस तूफानी पारी में छह छक्के और दो चौके शामिल रहे। रिंकू की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर मेरठ मैवेरिक्स ने भुवनेश्वर कुमार की कप्तानी वाली लखनऊ फाल्कन्स को मात देकर जीत की हैट्रिक पूरी की।

बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में मेरठ की जीत के बीच बारिश लगातार बाधा बन रही थी। फिर रिंकू सिंह ने तबाही मचाते हुए टीम को बेहतरीन जीत दिला दी। डकवर्थ लुईस प्रणाली के तहत मेरठ मैवेरिक्स का स्कोर 16.5 ओवर में 149 रन होना था और रिंकू के चौकों-छक्कों की बदौलत टीम ने बारिश के कारण मैच रुकने से पहले 6 विकेट पर 154 रन बना लिए थे। इस तरह मेरठ की टीम 5 रन से आगे हो गई। लगातार तीसरी जीत के बाद मेरठ अंकतालिका में टॉप पर बरकरार है। जबकि लखनऊ फाल्कन्स को तीसरे मैच में दूसरी हार झेलनी पड़ी है।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स ने 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज मोहम्मद सैफ ने 32 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली, जबकि मध्यक्रम में अजीत वर्मा ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए 37 गेंदों पर 53 रन बनाए। उनकी पारी में आठ चौके और एक छक्का शामिल रहा। इसके बाद सत्यम पांडे और विप्रज निगम के उपयोगी योगदान की बदौलत लखनऊ की टीम मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। मेरठ मैवेरिक्स की ओर से जीशान अंसारी और विजय कुमार ने दो-दो विकेट चटकाए।

मेरठ की पारी लड़खड़ाई, 22 रन पर गंवाए 3 विकेट

इसके बाद 184 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मैवेरिक्स की शुरुआत बेहद खराब रही। इन फॉर्म बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा को भुवनेश्वर कुमार ने पहले ही ओवर में आउट कर दिया। इसके बाद अभिनंदन संह ने दूसरे ही ओवर में दोहरे झटके देते हुए ऋतुराज शमा और अक्षय दुबे को पवेलियन भेज दिया। 22 रन पर 3 वकेट गंवाने के बाद दिव्यांश जोशी और दिव्यांश राजपूत ने 52 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला।

बारिश ने रोका खेल, फिर रिंकू सिंह ने मचाया धमाल

आखिरी पांच ओवर में मेरठ मैवेरिक्स को जीत के लिए 59 रन की जरूरत थी और कप्तान रिंकू सिंह क्रीज पर उतर चुके थे। इसी बीच बारिश ने खेल में खलल डाला और डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पार स्कोर के हिसाब से मेरठ की टीम पीछे चल रही थी। 15वें ओवर में रिंकू ने अभिनंदन सिंह को निशाना बनाते हुए 19 रन बटोरे, लेकिन 16.3 ओवर के बाद भी मेरठ डीएलएस पार स्कोर से एक रन पीछे थी। रिंकू ने हार नहीं मानी और अगली ही गेंद पर गगनचुंबी छक्का लगाकर टीम को पार स्कोर से आगे कर दिया। इसके बाद 17वें ओवर में नवनीत कुमार की गेंदों पर रिंकू ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज पांच गेंदों में 26 रन कूट डाले। फिर बारिश के कारण मुकाबला रोकना पड़ा और उस समय मेरठ की टीम डीएलएस पार स्कोर से पांच रन आगे थी। इसके चलते रिंकू सिंह की टीम को विजेता घोषित कर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here