ऋषभ पंत ने WTC में किया वो काम जो कोई और नहीं कर सका

0

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है, जहां वह मेजबान टीम के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। अब तक इस सीरीज में तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें टीम इंडिया को 1 जीत और 2 हार के साथ 2-1 से पीछे रहना पड़ा है। आगामी मुकाबलों में वापसी करने के लिए अब भारतीय टीम को हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। अभी तक दोनों ही टीमों की तरफ से शानदार खेल देखने को मिला, जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को लेकर देखने को मिली है। पंत का इस सीरीज में बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन दिखा है और वह 2 शतकीय पारियों के साथ 2 अर्धशतकीय पारी भी खेलने में कामयाब हुए हैं। वहीं पंत ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में एक ऐसा कारनामा भी किया है, जो इससे पहले कोई भी खिलाड़ी करने में कामयाब नहीं हो सका था।

ऋषभ पंत की गिनती वर्ल्ड क्रिकेट के मौजूदा समय में सबसे खतरनाक और आक्रामक बल्लेबाजों में की जाती है। वह अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी शैली और मैच का रुख पलटने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं, जिसमें वह अपने बल्ले के दम पर कई बार मुकाबले को पूरी तरह से एकतरफा भी कर देते हैं। पंत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जो अब तक के हुए चारों एडिशन में 15 या उससे अधिक छक्के लगाने में कामयाब रहे हैं। पंत ने WTC के चौथे संस्करण में सिर्फ तीन मुकाबले खेले हैं, जिसमें वह 15 छक्के लगा चुके हैं। वहीं पंत ने पहले संस्करण में जहां कुल 22 छक्के लगाए थ, तो वहीं दूसरे संस्करण में वह 16 छक्के लगाने में कामयाब हुए थे। तीसरे संस्करण में पंत के बल्ले से कुल 16 छक्के देखने को मिले थे।

भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर के प्रतिष्ठित मैदान पर खेलना है। यह मैच सीरीज के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि टीम इंडिया 2-1 से पीछे है और इस मुकाबले में जीत हासिल कर सीरीज में बराबरी करने की कोशिश करेगी। मैनचेस्टर की पिच और मौसम की भूमिका भी इस मुकाबले में निर्णायक हो सकती है। इस मैच में ऋषभ पंत खेलेंगे या नहीं ये उनकी उंगली में लगी चोट पर काफी निर्भर रहने वाला है। पंत यदि इस मैच में खेलते हैं तो उनके पास टेस्ट क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाने के रिकॉर्ड को अपने नाम करने का मौका रहेगा, जो अभी वीरेंद्र सहवाग के नाम पर है, जिन्होंने कुल 90 छक्के लगाए हैं, तो वहीं पंत के नाम अभी कुल 88 छक्के दर्ज हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here