नई दिल्ली: भारतीय टेस्ट टीम के लिए मौजूदा समय में नंबर-3 की पोजीशन एक बड़ी चिंता का विषय बन गई है। कभी राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा जैसे बल्लेबाजों ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को मुश्किल परिस्थितियों से निकाला था। द्रविड़ ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 135 मुकाबले खेले थे और इस दौरान उनके बल्ले से 10000 से ज्यादा रन निकले। पुजारा ने भी नंबर-3 पर 95 टेस्ट मैच खेले। लेकिन इन दोनों के बाद भारतीय टीम को एक भी ऐसा बल्लेबाज नहीं मिल पाया है, जो इस पोजीशन पर अच्छा प्रदर्शन कर पाया हो। जून 2023 के बाद भारतीय टीम ने नंबर-3 पर 6 बल्लेबाजों को उतारा और इसमें से कोई भी उम्मीदों पर बिल्कुल खरा नहीं उतरा।
शुभमन गिल ने नंबर-3 की पोजिशन पर अब तक 16 टेस्ट मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने कुल 972 रन बनाए, इस पोजीशन पर खेलते हुए वह कभी भी सहज नहीं दिखे। कप्तान बनने के बाद से उन्होंने नंबर-3 की पोजीशन को छोड़ दिया और वह अब नंबर-4 पर उतरने लगे हैं। इसके बाद से ही उनकी बैटिंग में खूब निखार आया है और वह रनों की बरसात करने लगे हैं। केएल राहुल, देवदत्त पड्डीक्कल और विराट कोहली भी जून 2023 के बाद नंबर-3 पर टेस्ट क्रिकेट में एक-एक मुकाबला खेल चुके हैं, लेकिन ये तीनों प्लेयर्स भी प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। कोहली टेस्ट से रिटायरमेंट ले चुके हैं। देवदत्त भारतीय टेस्ट टीम से बाहर हैं और राहुल अब ओपनिंग करने लगे हैं।
इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम ने नंबर-3 की पोजिशन के लिए दो अलग-अलग खिलाड़ियों को मौका दिया है। हालांकि, दोनों में से कोई भी बल्लेबाज उस स्थान पर भरोसा कायम रखने में सफल नहीं हो पाया है। इनमें करुण नायर और साई सुदर्शन शामिल हैं। लेकिन ये खिलाड़ी अच्छा करने में बुरी तरह से विफल साबित हुए हैं। करुण नायर ने घरेलू क्रिकेट में खूब रन बनाए थे। इसके बाद उनकी सीनियर टीम में वापसी हुई थी। ऐसे में सभी को उम्मीद थी कि वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे। लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात रहा है। इंग्लैंड दौरे पर नंबर-3 की पोजीशन पर उन्होंने दो मुकाबले खेले हैं और उनके बल्ले से चार पारियों में कुल 111 रन निकले हैं, जिसमें एक भी अर्धशतक शामिल नहीं है। साई सुदर्शन ने इंग्लैंड दौरे पर नंबर-3 की पोजीशन पर एक मुकाबला खेला था। उनका ये डेब्यू मैच ही था। इसमें वह पहली पारी में अपना खाता तक नहीं खोल पाए थे। इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने 30 रन बनाए थे।


