नई दिल्ली : वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम में ऋषभ पंत को जगह नहीं मिली है। माना जा रहा था कि इशान किशन की अनुपलब्धता के चलते पंत को दूसरे विकेटकीपर के तौर पर टीम में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, चयनकर्ताओं ने उन्हें मौका देने के बजाय ध्रुव जुरेल पर भरोसा जताया और उन्हें टीम में शामिल किया। पंत लंबे समय से वनडे टीम से बाहर हैं और अब उनकी वापसी के लिए इंतजार और बढ़ गया है।
वनडे टीम से 2 साल से बाहर ऋषभ पंत, वापसी की राह हुई मुश्किल
ऋषभ पंत दो साल से भारतीय वनडे टीम से बाहर चल रहे हैं और वो लगातार इग्नोर किए जा रहे हैं। पंत ने भारत के लिए आखिरी वनडे मैच 7 अगस्त 2024 को कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ खेला था और इस मैच में उन्होंने 6 रन बनाए थे और विकेट के पीछे एक कैच लपका था। इशान की गैरमौजूदगी के बावजूद आखिर सेलेक्टर्स ने पंत को वनडे टीम में जगह क्यों नहीं दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ऋषभ पंत में जबरदस्त क्षमता और टैलेंट है, लेकिन व्हाइट बॉल फॉर्मेट में वो खुद को साबित नहीं कर पाए हैं और ये बात उनके हक में नहीं है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पंत ने व्हाइट बॉल क्रिकेट में अपनी जबरदस्त प्रतिभा के साथ न्याय नहीं किया है। यही नहीं पंत का टीम में चयन नहीं किया जाना टीम के कुछ अहम सदस्यों के मिले फीडबैक पर भी आधारित था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार टीम मैनेजमेंट के अहम सदस्यों से मिले फीडबैक के आधार पर पंत को वनडे टीम में शामिल नहीं करने का फैसला लिया गया। आपको बता दें कि पंत को बेशक वनडे टीम में जगह नहीं मिली, लेकिन ईरानी कप के लिए उन्हें रेस्ट ऑफ इंडिया टीम का कप्तान बनाया गया। पंत ने भारत के लिए अब तक 31 वनडे मैचों में एक शतक के साथ 871 रन बनाए हैं और विकेट के पीछे 28 शिकार किए हैं।
ईरानी कप ट्रॉफी के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया की टीम
ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), सनत सांगवान, शिखर मोहन, सुदीप घरामी, सरफराज खान (उप-कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, मानव सुथार, सारांश जैन, आकाश दीप*, मुकेश कुमार, मुकेश चौधरी, आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), आर्यन पांडे, अनुकूल रॉय, आयुष दोसेजा।


