संचालक खेल एवं युवा कल्याण आकांक्षा शिक्षा खलखो ने खिलाड़ियों को बधाई दी
रायपुर : राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई बिलासपुर में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय हॉकी अकादमी की दो खिलाड़ी गीता यादव एवं मधु सिदार ने हॉकी जूनियर महिला एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर बिलासपुर आवासीय अकादमी, छत्तीसगढ़ राज्य और भारत देश का मान बढ़ाया है।
चीन के moqi शहर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत ने साउथ कोरिया को करारी मात दी जिसमें मधु सिदार ने एक गोल दागा। भारत ने मलेशिया को 11-1 से करारी मात दी, जिसमें गीता यादव ने 2 गोल मारकर भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारत ने अपने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी जिसमें दोनों खिलाड़ियों ने 2-2 गोल किये। इस पूरी प्रतियोगिता में मधु सिदार ने कुल 4 गोल और गीता यादव ने भी 4 गोल किया।
संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो ने आज संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण रायपुर में दोनों खिलाड़ियों को बधाई देकर उत्साहवर्धन किया और भविष्य में और आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं देते हुए विभाग की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही । इस अवसर पर बिलासपुर आवासीय अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर बिलासपुर के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर कुलदीप बरार और सुशील अमलेश खेल अधिकारी बिलासपुर भी उपस्थित रहे।


