नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के 36वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 5 विकेट से हार झेलनी पड़ी। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 228 रन जैसा बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन इसके बावजूद टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी। मैच के बाद कप्तान रियान पराग काफी निराश दिखाई दिए और उन्होंने हार का मुख्य कारण खराब फील्डिंग को बताया। पराग ने कहा कि बल्लेबाजी और गेंदबाजी विभाग ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन अहम मौकों पर छोड़े गए कैच टीम पर भारी पड़ गए। उनका मानना है कि फील्डर्स की गलतियों की वजह से 228 रन बनाने के बाद भी राजस्थान को हार का सामना करना पड़ा।
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में रियान पराग ने कहा कि स्किल के हिसाब से हमने काफी अच्छा किया। हालांकि, हमने जो कैच छोड़े, अंत में वो हमें भारी पड़ा। अभिषेक जैसे शानदार खिलाड़ी के आप कैच नहीं छोड़ सकते हैं। फील्डिंग में टीम बेहतर कर सकती थी और सुधार की जरूरत है। हमें क्लिनिकल होना होगा और फील्डिंग किसी भी मैच में एक बड़ा रोल निभाती है। उम्मीद है कि हम अगले मैच में मानसिक तौर पर तरोताजा होकर वापस आएंगे। उन्होंने आगे कहा कि सच कहूं तो, SRH के बॉलर्स ने 18वें और 19वें ओवर में अच्छी गेंदबाजी की और शानदार यॉर्कर फेंके। हम 10-15 रन पीछे रह गए। अभिषेक और ईशान की बैटिंग को लेकर उन्होंने कहा कि वे दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज थे और मुझे लगा कि मेरे और फरेरा के पास विकेट लेने का बेहतर चांस था, लेकिन विकेट में स्पिन गेंदबाजों के लिए मदद नहीं थी।
राजस्थान के कप्तान ने पंजाब किंग्स के खिलाफ अगले मुकाबले को लेकर कहा कि हर दिन अलग मैदान और अलग तरह का मैच होता है, इसलिए हमारी रणनीति भी बदलती रहती है। अभी हमें नहीं पता कि चंडीगढ़ की पिच कैसी होगी। पंजाब ने दिल्ली में बड़ा लक्ष्य हासिल कर लिया। लेकिन चंडीगढ़ एक नया मैदान है, वहां की पिच और मिट्टी अलग होगी। उम्मीद है कि वहां इतना बड़ा स्कोर नहीं बनेगा। हम उन्हें कम स्कोर पर रोकना चाहेंगे, लेकिन अभी हमें थोड़ा समय चाहिए ताकि हम आराम कर सकें, इस मैच के बारे में सोचें और फिर आगे बढ़ें।
SRH के खिलाफ मैच में राजस्थान मने वैभव सूर्यवंशी के शतकीय पारी के बदौलत 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए। वैभव ने इस मैच में 37 बॉल पर 103 रन की तूफानी पारी खेली, लेकिन उनकी ये पारी बेकार गई। हैदराबाद ने 18.3 ओवर में 229 रन बनाकर पांच विकेट से मुकाबले को अपने नाम किया। SRH की तरफ से अभिषेक शर्मा (57 रन) और ईशान किशन (74 रन) ने शानदार मैच विनिंग पारी खेली। ईशान किशन को उनकी बेहतरीन पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।


