नई दिल्ली : राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी। टीम ने लगातार चार मुकाबले जीतकर टूर्नामेंट में दमदार शुरुआत की और हर तरफ इस युवा टीम की जमकर तारीफ हो रही थी। लेकिन इसके बाद राजस्थान की लय पूरी तरह बिगड़ गई। अगले आठ मुकाबलों में टीम को छह हार का सामना करना पड़ा, जिससे उसकी प्लेऑफ की राह बेहद कठिन हो गई। रविवार, 17 मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली हार ने राजस्थान की मुश्किलें और बढ़ा दीं। इस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कप्तान रियान पराग काफी गुस्से में नजर आए। मैच के बाद उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए यहां तक कह दिया कि राजस्थान रॉयल्स की टीम को टॉप-4 की रेस में भी नहीं होना चाहिए।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग काफी निराश और झल्लाहट में नजर आए। उनका गुस्सा भी जायज था, क्योंकि एक समय राजस्थान की टीम बेहद मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही थी। 14 ओवर के बाद टीम ने 2 विकेट पर 160 रन बना लिए थे और रियान पराग के साथ ध्रुव जुरेल शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। ऐसा लग रहा था कि राजस्थान आसानी से 220 से 230 रन के बड़े स्कोर तक पहुंच जाएगी, लेकिन रियान के आउट होते ही पूरी पारी बिखर गई। टीम आखिरी 6 ओवरों में लड़खड़ा गई और 20 ओवर में 8 विकेट पर सिर्फ 193 रन ही बना सकी। मैच के बाद रियान पराग ने निराशा जताते हुए कहा, “हम अच्छी स्थिति में थे। मेरे आउट होने के बाद हम पूरी तरह धराशायी हो गए। हमारा स्कोर 220-230 रन तक जाना चाहिए था।”
“अगर ऐसे खेले तो हमें टॉप 4 में रहने का हक नहीं” – रियान पराग
रियान पराग ने इसके बाद गेंदबाजों के प्रयोग पर बात की और निचले क्रम के बल्लेबाजों के बाद खराब फील्डिंग पर भी हार का ठीकरा फोड़ा। उन्होंने कहा,”बहुत खराब। मुझे लगता है कि अगर आपको ट्रॉफी जीतनी है, हर साल रेस में बने रहना है तो इससे बेहतर खेलना होगा जैसा हम आज खेले। बहुत ज्यादा निराशाजनक है यह। मुझे लगता है कि हम बहुत अच्छी टीम हैं लेकिन अपने कद के हिसाब से नहीं खेले पिछले 4-5 मैच में। अगर हम ऐसे ही खेलते रहे तो हमें टॉप 4 की रेस में नहीं होना चाहिए।”
रियान पराग ने मैच के बाद प्लेऑफ की रेस को लेकर भी खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने माना कि अब राजस्थान रॉयल्स की किस्मत काफी हद तक दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी। पराग ने कहा, “मुझे लगता है कि अब यह बाकी टीमों पर ज्यादा निर्भर करेगा। हमारे पास अच्छा मौका था, लेकिन हम उसका फायदा नहीं उठा पाए। अगर हम क्वालिफाई नहीं कर पाते हैं तो इसके लिए सिर्फ हम खुद जिम्मेदार होंगे, कोई और नहीं।” उन्होंने आगे कहा कि टीम अब भी बचे हुए मुकाबलों में पूरी ताकत लगाएगी। पराग के मुताबिक, “अगले दो मैचों में हम देखेंगे कि क्या बेहतर कर सकते हैं और उम्मीद है कि दोनों मुकाबले जीतेंगे।”


