नई दिल्ली : आईपीएल 2026 में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का जलवा पूरे टूर्नामेंट पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। इस युवा बल्लेबाज ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से फैंस का जबरदस्त मनोरंजन किया है और मानो सीजन की पूरी टीआरपी अपने कंधों पर उठा ली हो। वैभव का आक्रामक अंदाज हर मैच के साथ और खतरनाक होता जा रहा है, जहां वह बड़े से बड़े गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर रहे हैं। रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में भी उन्होंने मिचेल स्टार्क और लुंगी एनगिडी जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाजों पर बेखौफ होकर छक्कों की बारिश कर दी।
अपनी इसी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर वैभव सूर्यवंशी ने अब एक अद्भुत रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में लुंगी एनगिडी के खिलाफ बेहतरीन छक्का लगाकर अपना खाता खोला। साथ ही इस सीजन उन्होंने तीसरी बार अपनी पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा। ऐसा करने के मामले में वैभव अब शाहरुख खान, सुनील नरेन और देवदत्त पडिक्कल की खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं। अगर आईपीएल में छक्के से खाता खोलने की बात करें तो वैभव ने 8वीं बार यह कारनामा कर दिखाया है।
IPL 2026 में सिर्फ वैभव का जलवा, हर मैच में कर रहे कमाल
वैभव सूर्यवंशी के नाम आईपीएल में सबसे ज्यादा 8 बार छक्के से खाता खोलने का रिकॉर्ड है। आईपीएल 2026 में तो इस खिलाड़ी ने पांच बार यह कारनामा किया है और इस मामले में उनसे आगे कोई नहीं है। जबकि पिछले सीजन तीन बार उन्होंने सिक्स के साथ खाता खोला था। जबकि एक सीजन में तीन बार पहली ही गेंद पर छक्का लगाने के मामले में वैभव चौथे बल्लेबाज बन गए हैं।
IPL के एक सीजन में तीन बार पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले बल्लेबाज
- शाहरुख खान (पंजाब किंग्स): 2023
- सुनील नरेन (केकेआर): 2025
- देवदत्त पडिक्कल (आरसीबी): 2026*
- वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स): 2026*
वैभव सूर्यवंशी के धमाकेदार आंकड़े, हर मैच में मचा रहे तहलका
वैभव सूर्यवंशी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 21 गेंद पर 46 रन की तूफानी पारी खेली जिसमें 5 चौके और तीन छक्के शामिल थे। वैभव के नाम इसी के साथ आईपीएल 2026 में 12 पारियों में 40.50 की औसत और 234.78 के स्ट्राइक रेट से 486 रन दर्ज हो गए हैं। उन्होंने अभी तक इस सीजन सबसे ज्यादा 43 छक्के लगाए हैं और अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय भी बन गए हैं।


