नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में गुरुवार (22 मई) को गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रनों से हराकर टॉप-2 में जगह पक्की कर ली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) भी टॉप-2 में रहने की दावेदार है। उसके पहले से ही 18 अंक हैं और रनरेट 1.065 है। हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के पास शुक्रवार (22 मई) को अपने घरेलू मैदान पर आरसीबी से आगे निकलने का मौका होगा।
सनराइजर्स हैदराबाद के फिलहाल 16 अंक हैं और उसका नेट रनरेट 0.350 है। ऐसे में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पीछे छोड़ने के लिए टीम को बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। हैदराबाद को आरसीबी के खिलाफ लगभग वैसी ही जीत चाहिए, जैसी गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हासिल की थी। अगर सनराइजर्स पहले बल्लेबाजी करते हुए 180 से 240 रन का स्कोर बनाती है, तो उसे करीब 87 से 89 रन के बड़े अंतर से मुकाबला जीतना होगा। वहीं यदि टीम पहले गेंदबाजी करती है और 121 से 181 रन का लक्ष्य मिलता है, तो उसे लगभग 11 से 11.4 ओवर के भीतर लक्ष्य हासिल करना पड़ेगा, तभी वह रनरेट में आरसीबी से आगे निकल सकेगी।




