वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट 2025–26 में आरएनटीयू का दमदार आगाज, गोवा यूनिवर्सिटी को 39 रन से हराया

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू), भोपाल की पुरुष क्रिकेट टीम ने वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट 2025–26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने पहले नॉकआउट मुकाबले में गोवा यूनिवर्सिटी को 39 रनों से पराजित कर प्रतियोगिता में मजबूत शुरुआत की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरएनटीयू की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 249 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से मयंक पांचाल ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 11 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 118 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। उनके अलावा गुरु प्रसाद मरावी ने 30 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि मोहम्मद तासीन आजाद ने 15 गेंदों में नाबाद 28 रन जोड़कर टीम के स्कोर को मजबूत किया।

249 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोवा यूनिवर्सिटी की टीम आरएनटीयू के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और 18.1 ओवर में 210 रनों पर ऑलआउट हो गई। आरएनटीयू की ओर से अनुराग मालवीय ने 3.1 ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट लिए। कप्तान प्रभांशु शुक्ला ने 2 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं संजय मानिक, वैभव सिंह परिहार, रितांशु राजपूत, गुरु प्रसाद मरावी और मयंक पांचाल ने 1-1 विकेट लेकर जीत पक्की की। शानदार शतकीय पारी के लिए मयंक पांचाल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

टीम के कोच नितिन धवन और मैनेजर राहुल शिंदे के मार्गदर्शन में आरएनटीयू की टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ खिताबी दावेदारी पेश कर रही है। इस जीत पर विश्वविद्यालय की प्रो-चांसलर डॉ अदिती चतुर्वेदी वत्स, कुलपति डॉ रवि प्रकाश दुबे सहित विश्वविद्यालय प्रबंधन और खेल अधिकारियों ने टीम को शुभकामनाएं दीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here