भोपाल। बीएचईएल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के सामने आज 15वीं ओपन भोपाल रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का रोड इवेंट सफलता के साथ सम्पन्न हुआ। इसमें 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 300 स्केटर्स ने भाग लिया और अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय रहीं, जिन्होंने विजेता स्केटर्स को पुरस्कार प्रदान किए।
अपने संबोधन में महापौर ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह, लगन और समर्पण की सराहना की और स्केटिंग जैसे रचनात्मक एवं रोमांचक खेल को बढ़ावा देने के लिए आयोजकों को बधाई दी। इस रोड शो प्रतियोगिता का आयोजन अमर रोलर स्केटिंग ऑर्गनाइज़ेशन, भोपाल द्वारा किया गया। संस्था के सचिव अमर भटकर ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करना तथा स्केटिंग को आम जनता तक पहुँचाना है। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल एवं कोच अनिल भटकर ने भी सभी विजेता स्केटर्स एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने घोषणा की कि आगामी वर्षों में इस प्रतियोगिता को और भी व्यापक एवं भव्य स्वरूप में आयोजित किया जायेगा।


