नई दिल्ली : भारतीय टीम का वनडे वर्ल्ड कप में तीसरी बार चैंपियन बनने का सपना 19 नवंबर 2023 को टूट गया था। अब 2027 के वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा और विराट कोहली के प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि दोनों दिग्गजों के करियर का अंत भी कुछ ऐसा ही यादगार हो, जैसा 2011 में सचिन तेंदुलकर के विश्व कप जीतने के बाद उन्हें कंधे पर उठाकर भारतीय खिलाड़ियों ने जश्न मनाते हुए किया था। इसी लक्ष्य के साथ टीम इंडिया के मिशन 2027 की तैयारी शुरू हो चुकी है। संभावित स्क्वाड और बेस्ट प्लेइंग 11 को लेकर पूर्व क्रिकेटरों की राय भी सामने आने लगी है, जिससे अगले वर्ल्ड कप के लिए टीम संयोजन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
इसी कड़ी में टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर पार्थिव पटेल का इंटरव्यू किया और दोनों ने 30 खिलाड़ियों के एक ड्राफ्ट में से बेस्ट 11-11 प्लेयर्स का चयन किया। इसको चोपड़ा ने नाम दिया सुपर सेलेक्टर का। दोनों ने इस खेल में बारी-बारी से खिलाड़ी चुने। इसका नियम यह था कि जो खिलाड़ी एक टीम में है, उसे दूसरा व्यक्ति नहीं चुन सकता। इसके बाद दोनों दिग्गजों की अलग-अलग प्लेइंग 11 तैयार हुईं।
इस रोचक खेल के बाद दोनों टीमों की काफी दिलचस्प प्लेइंग 11 निकलकर सामने आईं। आकाश चोपड़ा की प्लेइंग 11 में रोहित शर्मा और यशस्वी गिल बतौर ओपनर थे। वहीं पार्थिव की प्लेइंग 11 में शुभमन गिल और इशान किशन का नाम नंबर 1 और नंबर 2 पर था। वहीं आकाश की टीम में तीसरे पर विराट कोहली और चौथे पर ऋतुराज गायकवाड़ थे। जबकि पार्थिव की टीम में नंबर 3 पर तिलक वर्मा और नंबर 4 पर श्रेयस अय्यर का नाम था।
आकाश चोपड़ा ने चुनी यह प्लेइंग 11
रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।
पार्थिव पटेल ने चुने अपनी टीम में यह 11 खिलाड़ी
शुभमन गिल, इशान किशन, तिलक वर्मा, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव।
ड्रॉफ्ट में शामिल थे इन 30 खिलाड़ियों के नाम
शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, इशान किशन, ऋषभ पंत, केएल राहुल, संजू सैमसन, हार्दिक पंड्या, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, शिवम दुबे, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव, कुलदीप यादव, आकिब नबी दार।
आकाश चोपड़ा और पार्थिव पटेल ने 30 संभावित खिलाड़ियों के ड्राफ्ट में से अपनी-अपनी प्लेइंग 11 चुनी है। इस तरह दोनों की टीमों में कुल 22 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें से आगामी वनडे सीरीज के प्रदर्शन के आधार पर 15 खिलाड़ियों का अंतिम चयन किया जा सकता है। यही खिलाड़ी अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए भी दावेदारी पेश कर सकते हैं। खास बात यह है कि दोनों पूर्व क्रिकेटरों की चुनी गई टीम में अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी को जगह नहीं मिली है। इससे पहले आकाश चोपड़ा ने वर्ल्ड कप 2027 के लिए अपना संभावित स्क्वाड भी चुना था, जिसमें उन्होंने कई खिलाड़ियों को लेकर अपनी राय रखी थी।


