मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी की इंटर हाउस प्रतियोगिता शुरू, रोहित शर्मा हाउस ने 36 रन से जीता पहला मैच

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल।  मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी की इंटर हाउस क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुवार को ओल्ड कैंपियन खेल मैदान पर हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के सचिव शांति कुमार जैन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर मुकुल लोखंडे, कोच के.डी. गुप्ता, सुरेश खड़से और जमील अहमद सहित अन्य खेल प्रेमी मौजूद रहे।

 

प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में रोहित शर्मा हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सचिन तेंदुलकर हाउस को 36 रन से हरा दिया। वर्षा से प्रभावित इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा हाउस ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाए। टीम की ओर से अथर्व सिंह ने सर्वाधिक 32 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि रिदम महाराज ने 14 रन का योगदान दिया। सचिन तेंदुलकर हाउस की ओर से गेंदबाजी में अमोघ रावत ने 2 विकेट लिए, जबकि कार्तिक शर्मा और दीपेश नंदमेर को एक-एक सफलता मिली।

95 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सचिन तेंदुलकर हाउस की टीम 58 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए ध्रुव दस्सानी ने सर्वाधिक 14 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। रोहित शर्मा हाउस की जीत में अथर्व सिंह ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 3 विकेट झटके। काव्यांश यादव और रिमिशा सरदार ने 2-2 विकेट लिए, जबकि ध्रुव, रोहन और शाश्वत गुप्ता ने एक-एक विकेट हासिल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here