आरसीसी भोपाल बनी सुपर-12 बास्केटबॉल टूर्नामेंट की चैंपियन, सेंट थॉमस को हराकर जीता खिताब

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल।   आगा क्लब के 1996 बैच के खिलाड़ियों द्वारा आयोजित पांचवें सुपर-12 बास्केटबॉल टूर्नामेंट में आरसीसी भोपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालिका वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में आरसीसी ने सेंट थॉमस स्कूल को 65-49 अंकों से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं आगा क्लब ए टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। आगा क्लब बास्केटबॉल कोर्ट, पिपलानी स्थित भेल परिसर में खेले गए फाइनल मुकाबले की शुरुआत आरसीसी ने दमदार अंदाज में की और पहले क्वार्टर में 13-8 की बढ़त बना ली। हालांकि दूसरे क्वार्टर में सेंट थॉमस ने शानदार वापसी करते हुए 32-27 की बढ़त हासिल कर ली। तीसरे क्वार्टर तक भी सेंट थॉमस 42-39 से आगे रही। निर्णायक चौथे क्वार्टर में आरसीसी की खिलाड़ियों ने बेहतरीन डिफेंस, अंडर-बास्केट शॉट्स और सटीक लॉन्ग शूटिंग का प्रदर्शन करते हुए 24 अंक जुटाए और मुकाबले का पासा पलट दिया। टीम ने अंततः 65-49 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

आरसीसी की ओर से प्रसिद्धि ने 25 अंक बनाए, जिसमें तीन थ्री-पॉइंट शॉट शामिल रहे। रिमशा ने भी शानदार खेल दिखाते हुए 22 अंक बनाए और पांच थ्री-पॉइंट शॉट लगाए। सेंट थॉमस के लिए वैशाली ने 22 और महिमा ने 12 अंक का योगदान दिया।  पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं मध्यप्रदेश पुलिस की सब इंस्पेक्टर प्रियंका राय मुख्य अतिथि रहीं। उनके साथ विश्वामित्र अवार्डी अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच मुख्तयार सिंह भी मौजूद थे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आरसीसी की प्रसिद्धि को बेस्ट प्लेयर चुना गया।  वहीं बालक वर्ग में गत विजेता विदिशा ए, सेज यूनिवर्सिटी, भोपाल कॉर्पोरेशन और भोपाल डिस्ट्रिक्ट की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here