नई दिल्ली: आईसीसी ने बुधवार, 19 नवंबर को इस हफ्ते की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। तीन हफ्ते तक नंबर 1 वनडे बल्लेबाज बने रहने के बावजूद हिटमैन रोहित शर्मा से यह ताज छिन गया है। लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद न्यूजीलैंड के डैरिल मिचेल ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। वहीं, टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में अभिषेक शर्मा की लंबे समय से बादशाहत बरकरार है और वह नंबर 1 की कुर्सी पर काबिज हैं।
न्यूजीलैंड के डैरिल मिचेल के 782 रेटिंग पॉइंट्स हैं, जबकि रोहित शर्मा के 781 अंक हैं। वहीं, साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में खराब प्रदर्शन करने वाले यशस्वी जायसवाल को भी झटका लगा है। इस बाएं हाथ के भारतीय सलामी बल्लेबाज को टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में दो स्थान का नुकसान हुआ है और अब वह टॉप 5 से बाहर होकर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। इस लिस्ट में जो रूट शीर्ष स्थान पर काबिज हैं।
भारत के दो गेंदबाजों ने बरकरार रखा नंबर 1 का ताज
गेंदबाजों की रैंकिंग की बात करें तो टी20 में भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की बादशाहत इस हफ्ते भी कायम रही है। इसके साथ ही स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टेस्ट में नंबर 1 गेंदबाज बने हुए हैं। वहीं, वनडे फॉर्मेट में शीर्ष स्थान पर अफगानिस्तान के राशिद खान का कब्जा है।
ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में कौन बना नंबर 1?
ऑलराउंडर्स की लिस्ट में रविंद्र जडेजा टेस्ट के नंबर 1 ऑलराउंडर बने हुए हैं। वहीं अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह ओमरजई वनडे में नंबर 1 और टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के सईम अय्यूब नंबर 1 पर मौजूद हैं।
टीम रैंकिंग में कौन है सबसे आगे?
टीम रैंकिंग पर नजर डालें तो इंग्लैंड ने नंबर तीन से ऊपर उठकर नंबर 2 की स्थिति हासिल कर ली है। वहीं, कोलकाता टेस्ट में भारत को हराने वाली साउथ अफ्रीका दूसरी से तीसरे स्थान पर खिसक गई है। टेस्ट फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया नंबर 1 टीम बनी हुई है। जबकि वनडे और टी20 इंटरनेशनल में भारतीय क्रिकेट टीम की बादशाहत जारी है।

