रूट का शानदार शतक, ब्रूक का अर्धशतक, इंग्लैंड ने 5वें टेस्ट में बनाई मजबूत स्थिति

0

नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज के पांचवें मैच के दूसरे दिन, सोमवार (5 जनवरी) को लंच से ठीक पहले इंग्लैंड की टीम 97.3 ओवर में 384 रन पर ऑल आउट हो गई। दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने बेहतरीन शतक जड़ा और टीम को मजबूती दी। पहले दिन अच्छी बल्लेबाजी कर चुके उप-कप्तान हैरी ब्रूक शतक से चूक गए। रूट का यह 41वां टेस्ट शतक इंग्लैंड को 1-3 से सीरीज हारने के बावजूद मजबूत स्थिति में ले गया। ऑस्ट्रेलिया के लिए माइकल नेसर ने चार विकेट झटके।

इंग्लैंड ने सिडनी में बारिश से प्रभावित पहले दिन 3 विकेट पर 211 रन बनाए थे। रूट 72 और ब्रूक 78 रन बनाकर क्रीज पर थे। दूसरे दिन ब्रूक 6 रन और बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 97 गेंद पर 6 चौके की मदद से 84 रन बनाए। स्कॉट बोलैंड को उनका विकेट मिला। उन्होंने रूट के साथ 208 गेंदों पर 169 रनों की साझेदारी की। कप्तान बेन स्टोक्स खाता नहीं खोल पाए और मिचेल स्टार्क का शिकार बने।

रूट और स्मिथ की अर्धशतकीय साझेदारी

जो रूट को विकेटकीपर जेमी स्मिथ से बेहतरीन साथ मिला। स्मिथ ने 76 गेंदों में 6 चौके और 1 छक्के की मदद से 46 रन बनाए, लेकिन उन्हें मार्नस लाबुशेन ने पवेलियन भेज दिया। रूट और स्मिथ ने मिलकर 143 गेंदों पर 94 रनों की अहम साझेदारी निभाई। इसके बाद रूट ने विल जैक्स के साथ 104 गेंदों पर 52 रन जोड़कर इंग्लैंड की पारी को मजबूत किया। जैक्स ने 62 गेंदों में 27 रन बनाए, जिनका विकेट माइकल नेसर ने झटका।

रूट की 160 रनों की शतकीय पारी

ब्राइडन कार्स को कैमरन ग्रीन ने सिर्फ 1 रन पर पवेलियन भेजकर इंग्लैंड की पहली पारी जल्दी समाप्त कर दी। जो रूट इंग्लैंड का नौवां विकेट बने, उन्होंने 15 चौकों की मदद से 242 गेंदों में 160 रन बनाए। जोश टंग बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि मैथ्यू पॉट्स 1 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की टीम 97.3 ओवर में 384 रनों पर ऑल आउट हुई। ऑस्ट्रेलिया के लिए माइकल नेसर ने 4 विकेट झटके, मिचेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड ने 2-2 विकेट लिए, जबकि कैमरन ग्रीन और मार्नस लाबुशेन ने 1-1 विकेट हासिल किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here