ऋतुराज-सुदर्शन-पडिक्कल फ्लॉप, पाटीदार की फिफ्टी बेकार; ऑस्ट्रेलिया ए की बड़ी जीत

0

नई दिल्ली : इंडिया ए को पहले अनौपचारिक वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ 125 रन से हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.2 ओवर में 274 रन बनाए। नाथन मैकस्वीनी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 123 रन की बेहतरीन पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके जवाब में इंडिया ए की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और पूरी टीम 31.4 ओवर में 149 रन पर सिमट गई। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ए ने मुकाबला 125 रन से अपने नाम कर सीरीज में बढ़त हासिल कर ली।

भारत के लिए सर्वाधिक रजत पाटीदार ने 51 गेंद पर 53 रन की पारी खेली। उनकी यह अर्धशतकीय पारी टीम के लिए काम नहीं आ सकी और बेकार साबित हुई। ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए गेंदबाजी में माहली बार्डमैन ने 4 विकेट झटके। वहीं स्पेंसर जॉनसन ने 2 विकेट लिए। टॉड मर्फी, मिच ओवेन और नाथन मैकस्वीनी को 1-1 सफलता मिली। तीन मैचों की अनौपचारिक वनडे सीरीज में भारतीय टीम अब 0-1 से पिछड़ गई है।

ऋतुराज, सुदर्शन और पडिक्कल रहे फ्लॉप

भारतीय टीम में ऋतुराज गायकवाड़, देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन समेत कई इंटरनेशनल खिलाड़ी शामिल थे। ऋतुराज इस टीम के कप्तान हैं लेकिन उन्होंने 30 गेंद पर 15 रन की पारी खेली। पडिक्कल तो खाता भी नहीं खोल पाए। वहीं साई सुदर्शन ने पारी की शुरुआत की और सिर्फ 1 रन ही बना सके। प्रभसिमरन सिंह ने भी 17 रन बनाए। रजत पाटीदार ने 51 गेंद पर 53 रन की पारी खेली। उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया। निशांत सिंधू ने 43 गेंद पर 31 रन की पारी खेली। सूर्यांश शेडगे ने 4 विकेट झटके थे लेकिन उन्होंने बल्ले से योगदान नहीं दिया और सिर्फ 3 रन बना पाए। विप्रज निगम ने भी सिर्फ 13 रन की पारी खेली।

ऑस्ट्रेलिया ए के लिए इससे पहले नाथन मैकस्वीनी ने 123 रन की शतकीय पारी खेली थी। वहीं कप्तान विल सदरलैंड ने 77 रन बनाए थे। भारतीय टीम के लिए गेंदबाजी में सूर्यांश ने 4, यश ठाकुर ने 3 और अरशद खान ने 2 विकेट लिए थे। अब सीरीज का दूसरा अनौपचारिक वनडे मैच 9 तारीख को पुडुचेरी में ही होगा और यह इंडिया ए के लिए करो या मरो का मैच होगा। इससे पहले दो मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम 1-0 से जीती थी। पहला मैच भारत ने जीता था और दूसरा मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here