SA vs AUS: ऑस्ट्रेलिया की बढ़ीं मुश्किलें, सीरीज हारने के बाद 2 खिलाड़ी हुए बाहर

0

नई दिल्ली : साउथ अफ्रीका के मौजूदा दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। 3 मैचों की वनडे सीरीज के शुरुआती 2 मुकाबले गंवाने के बाद मिचेल मार्श की कप्तानी वाली टीम को अब दोहरा झटका लगा है। एक तरफ ऑस्ट्रेलिया को सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है, वहीं क्लीन स्वीप से बचने की कोशिश कर रही टीम के 2 खिलाड़ी चोटिल होने के कारण तीसरे मुकाबले से बाहर हो गए हैं। ऐसे में सीरीज के आखिरी मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

ऑस्ट्रेलिया के लिए डरबन में खेले गए पहले वनडे में 57 रन देकर तीन विकेट लेने वाले नाथन एलिस तीसरे वनडे से बाहर हो गए हैं। वहीं जोएल डेवीस का भी नाम तीसरे वनडे से पहले स्क्वाड से हटाया गया है। एलिस और डेविस दोनों इंजरी के कारण टीम से बाहर हुए हैं। एलिस के साइड स्ट्रेन की समस्या दूसरे वनडे में सामने आई थी और वह 4 ओवर गेंदबाजी करने के बाद ही मैदान से बाहर चले गए थे। जबकि डेवीस को हैमस्ट्रिंग स्ट्रेन के कारण बाहर होना पड़ा है। डेवीस भी दूसरे वनडे में बतौर सब्स्टीट्यूट फील्डिंग करते हुए दिक्कत में दिखे थे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा इन दोनों खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया गया है।

कंगारू टीम पर चोटों की मार, मुश्किल दौर जारी

ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले ही बिली स्टैनलेक को चोट के कारण इस सीरीज से गंवा चुकी थी। वह जिम्बाब्वे के दौरे पर दूसरे वनडे के दौरान चोटिल हुए थे। वहीं अब एलिस को भी इंजरी रिहैब के लिए साउथ अफ्रीका से अपने देश लौटना होगा। उन्हें कंगारू टीम नवंबर में होने वाली आगामी इंग्लैंड वनडे सीरीज से पहले फिट देखना चाहेगी। जोश इंग्लिस की चोट भी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए समस्या बनी हुई है। डरबन में हुए पहले वनडे के दौरान वह चोटिल हुए थे। इसके बाद 9 अक्टूबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज में भी उनके खेलने पर असमंजस बना हुआ है।

सीरीज गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया पर क्लीन स्वीप का खतरा

साउथ अफ्रीका ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले दोनों मुकाबले बेहतरीन अंदाज में जीते हैं। पहला मैच मेजबान टीम ने डरबन में 67 रन से जीता था। उसके बाद दूसरे मैच में कप्तान बावुमा और डेविड मिलर के शतक के बाद अफ्रीकी टीम ने मैच 32 रन से जीता था। अब मौजूदा वनडे वर्ल्ड चैंपियन टीम पर सीरीज में क्लीन स्वीप का खतरा मंडरा रहा है। सीरीज का तीसरा व अंतिम वनडे मुकाबला 30 सितंबर बुधवार को खेला जाएगा।

साउथ अफ्रीका दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया का वनडे स्क्वाड

मिचेल मार्श (कप्तान), जोश इंग्लिस (चोटिल), एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, जोएल डेवीस (चोटिल), जैक एडवर्ड्स, नाथन एलिस (चोटिल), कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, ओलिवर पीक, मैट रेनशॉ, मिचेल स्टार्क, एडम जाम्पा।

साउथ अफ्रीका दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट स्क्वाड

पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिश, मैथ्यू कुह्नेमन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, माइकल नेसर, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, ब्यू वेबस्टर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here