nst news, भोपाल। आगा क्लब बास्केटबॉल कोर्ट, पिपलानी ए-सेक्टर में आयोजित पांचवें सुपर-12 बास्केटबॉल टूर्नामेंट के बालक वर्ग में सेज यूनिवर्सिटी और भोपाल डिस्ट्रिक्ट ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।
देर रात खेले गए पहले सेमीफाइनल में सेज यूनिवर्सिटी ने गत विजेता विदिशा को एकतरफा मुकाबले में 65-29 अंकों से पराजित किया। मैच के पहले हाफ तक सेज यूनिवर्सिटी ने 25-7 अंकों की मजबूत बढ़त बना ली थी। तीसरे क्वार्टर में विदिशा ने 14 अंक जुटाकर वापसी की कोशिश की, लेकिन सेज यूनिवर्सिटी ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए शानदार जीत दर्ज की। विजेता टीम की ओर से प्रकाश ने 13 और तेजस ने 10 अंक बनाए, जबकि विदिशा की ओर से अली ने सर्वाधिक 15 अंक अर्जित किए।
दूसरे सेमीफाइनल में भोपाल डिस्ट्रिक्ट ने रोमांचक मुकाबले में भोपाल कारपोरेशन को 72-62 अंकों से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। मुकाबले के पहले हाफ तक भोपाल डिस्ट्रिक्ट 35-37 अंकों से पीछे चल रही थी, लेकिन अंतिम दो क्वार्टर में टीम ने शानदार तालमेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने रिबाउंड और फास्ट ब्रेक का बेहतरीन उपयोग करते हुए लगातार अंक जुटाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भोपाल डिस्ट्रिक्ट की जीत में जूनियर इंटरनेशनल खिलाड़ी सोहन सेजवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सर्वाधिक 18 अंक बनाए, जबकि सिड ने 15 अंकों का योगदान देकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अब टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में सेज यूनिवर्सिटी और भोपाल डिस्ट्रिक्ट आमने-सामने होंगे, जहां दोनों टीमें चैंपियन बनने के इरादे से उतरेंगी।


