NST NEWS, भोपाल। मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित इंटर हाउस क्रिकेट टूर्नामेंट में सचिन तेंदुलकर हाउस (ST-10) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए युवराज सिंह हाउस (UV-12) को 49 रन से पराजित कर जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सचिन तेंदुलकर हाउस ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 106 रन बनाए। टीम की ओर से रिजवान ने 29 गेंदों में 42 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं अमोघ रावत ने 23 गेंदों में 12 रन का योगदान देकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।
युवराज सिंह हाउस की ओर से अगास्त्य राय ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। ध्रुव चौरसिया ने भी 4 ओवर में 19 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया। 107 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी युवराज सिंह हाउस की पूरी टीम 19 ओवर में 57 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से देवांश ने 12 गेंदों में 10 रन और विक्रांत ने 18 गेंदों में 8 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके।
सचिन तेंदुलकर हाउस की ओर से अनेरी पुरोहित और दिपेश ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों गेंदबाजों ने 4-4 ओवर में मात्र 12-12 रन देकर 3-3 विकेट झटके। अमोघ रावत ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि आरव शर्मा को 1 सफलता मिली।
अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अनेरी पुरोहित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 4 ओवर में केवल 12 रन देकर 3 विकेट लिए और टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अनेरी पुरोहित को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार वरिष्ठ क्रिकेट कोच सुरेश खड़से और अब्दुल जमील खान ने प्रदान किया। इस अवसर पर अकादमी के सचिव डॉ. सुशील सिंह ठाकुर सहित खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


