भोपाल, NST News: विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में आयोजित अंडर-14 प्रसून–कैलाश सारंग स्मृति डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। खिताबी मुकाबला संजय गुप्ता क्रिकेट अकादमी और विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। फाइनल में संजय गुप्ता क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन टीम वंश बाथम की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 119 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। संजय गुप्ता अकादमी की ओर से कप्तान अर्णव भंडारी ने 27 रन और सुखराम ने 34 रनों की पारी खेली। विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी की ओर से वंश बाथम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक विकेट लिए। समर मकवाना ने 2 विकेट, प्रियांशु लोधी ने 2 विकेट और प्रवेश बामने को 1 सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज विनम्र और समर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। समर ने 39 रन और विनम्र ने 41 रनों का योगदान दिया। मेधांश उइके ने 22 रन बनाकर जीत में अहम भूमिका निभाई। विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी ने यह मुकाबला 9 विकेट से जीतकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। संजय गुप्ता अकादमी की ओर से वीर प्रताप सिंह एकमात्र सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने एक विकेट लिया।
टूर्नामेंट के समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री कैलाश विश्वास सारंग ने किया। मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी के कप्तान कुमार वेदांत को दिया गया। बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार यशोधन दुबे को मिला। बेस्ट बॉलर का सम्मान वंश बाथम को दिया गया। बेस्ट फील्डर का पुरस्कार संजय गुप्ता क्रिकेट अकादमी के अर्णव भंडारी को प्रदान किया गया। वहीं बेस्ट विकेटकीपर का पुरस्कार विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी के मेधांश उइके को मिला।


