साई एनसीओई भोपाल के खिलाड़ी अमनदीप ने हॉकी इंडिया लीग में जीता ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। साई एनसीओई भोपाल के उभरते हॉकी खिलाड़ी अमनदीप लकरा ने हॉकी इंडिया लीग (HIL) 2026 में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय हॉकी में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। हैदराबाद तूफ़ान टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अमनदीप ने टूर्नामेंट में 9 गोल दागे और टीम को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के प्रतिष्ठित खिताब से सम्मानित किया गया।

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में जन्मे अमनदीप लकरा हॉकी से जुड़े परिवार से आते हैं। उनके पिता विजय के. लकरा स्वयं एक हॉकी कोच हैं, जिनका खिलाड़ी के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना अधूरा रह गया था। उसी सपने को साकार करने के संकल्प के साथ अमनदीप ने हॉकी को अपना लक्ष्य बनाया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। अमनदीप ने वर्ष 2013 में हॉकी खेलना शुरू किया था और उन्हें पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी एवं पद्मश्री से सम्मानित दिलीप तिर्की से प्रेरणा मिली। तभी से वे अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ अपने खेल को निखारते आ रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय जूनियर स्तर पर भी अमनदीप लकरा का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। उन्होंने भारतीय जूनियर राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए जूनियर एशिया कप और जोहोर कप 2022 में स्वर्ण पदक, जबकि जोहोर कप 2023 में कांस्य पदक जीता है। ये उपलब्धियां बड़े मंचों पर उनकी निरंतरता और क्षमता को दर्शाती हैं।

इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए साई एनसीओई भोपाल के वरिष्ठ कोच पी. सुधाकरन ने कहा कि अमनदीप वर्ष 2024 से साई एनसीओई भोपाल से जुड़े हैं और देश की सबसे बड़ी हॉकी लीग में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार पाने के वे पूरी तरह हकदार हैं। उनका अनुशासन, सुधार की भूख और मानसिक दृढ़ता उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अलग बनाती है। वर्तमान में अमनदीप लकरा बेंगलुरु में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय शिविर में हिस्सा ले रहे हैं, जहां वे हरमनप्रीत सिंह, विवेक सागर सहित देश के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षण ले रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here