नई दिल्ली : भारतीय टीम के स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर 4 फरवरी को बीसीसीआई के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में फिटनेस टेस्ट देंगे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने वाली है, और उससे ठीक तीन दिन पहले सुंदर को अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। ऐसे में यह बड़ा सवाल बन गया है कि क्या वे इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले पाएंगे या नहीं।
वाशिंगटन सुंदर के फिट होने में लग रहा है समय
वाशिंगटन सुंदर का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलना अभी पक्का नहीं है, क्योंकि उनके साइड स्ट्रेन को ठीक होने में उम्मीद से ज्यादा समय लग रहा है। सुंदर 11 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच के दौरान चोटिल हुए थे। टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय सेलेक्टर्स और टीम मैनेजमेंट अभी तक किसी बैकअप प्लान को अपनाने से बच रहे हैं, जब तक कि सुंदर की आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट नहीं मिल जाती।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा ले रही टीमों को अपने दल में बदलाव करने के लिए 30 जनवरी तक का समय दिया गया है। हालांकि, अगर टूर्नामेंट की टेक्निकल कमेटी अनुमति देती है, तो चोट लगने की स्थिति में टूर्नामेंट के दौरान भी खिलाड़ी की जगह रिप्लेसमेंट किया जा सकता है। भारतीय टीम 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच खेलने से पहले 3 फरवरी को मुंबई में अपने पहले ट्रेनिंग सेशन के लिए एकत्र होगी।
बुधवार को वाशिंगटन सुंदर ने नहीं की ट्रेनिंग
वाशिंगटन के फिटनेस टेस्ट से पता चल जाएगा कि वो कितनी तेजी से ठीक हो रहे हैं साथ ही पूरी तरह से फिट होने में उन्हें कितना समय लग सकता है। हालांकि बीसीसीआई ने सुंदर की चोट के बारे में सही जानकारी नहीं दी, लेकिन सूत्रों के मुताबिक उनकी पसलियों के पास पीठ की मांसपेशी में खिंचाव आ गया था। वॉशिंगटन ने बुधवार को कोई भी कड़ी ट्रेनिंग नहीं की, लेकिन तिलक वर्मा और रियान पराग ने सीईओ में एक सिमुलेशन मैच खेला। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि वॉशिंगटन की चोट को ठीक होने में समय लगेगा और उसके बाद ही वह वापसी कर पाएंगे।
वाशिंगटन सुंदर के फिट होने तक टीम रख सकती है उम्मीद
तिलक वर्मा से उम्मीद है कि वे वार्म-अप मैच से पहले टीम में शामिल हो जाएंगे। वहीं, उप-कप्तान अक्षर पटेल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज में केवल एक मैच खेलने के बावजूद टीम को संतुलित और स्थिर बनाए रखा है। स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर के बिना भी टीम मैनेजमेंट ने बैलेंस बनाए रखा है। हालांकि, वाशिंगटन सुंदर की अनुपस्थिति में रियान पराग को उनके जैसे रिप्लेसमेंट के तौर पर देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, अगर सुंदर वर्ल्ड कप के बाद के स्टेज के लिए फिट हो जाते हैं, तो टीम उनका इंतजार कर सकती है।
टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारत की टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।


