धार। भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के अंतर्गत Sports Authority of India के साई एसटीसी धार में वर्ष 2026–27 के लिए तीरंदाजी, बैडमिंटन और ताइक्वांडो खेलों में आवासीय रिक्त सीटों को भरने के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार चयन प्रक्रिया 25 और 27 फरवरी 2026 को प्रातः 9 बजे से आयोजित की जाएगी। यह चयन बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों के लिए होगा। तीरंदाजी और ताइक्वांडो में बालक एवं बालिका, जबकि बैडमिंटन में केवल बालिका खिलाड़ियों के लिए आवासीय सीटों पर चयन किया जाएगा। गैर-आवासीय सीटों के लिए भी केवल बालिका खिलाड़ी पात्र होंगी। व्यक्तिगत खेलों के लिए खिलाड़ियों की आयु 12 से 18 वर्ष के मध्य होना अनिवार्य है।
वे खिलाड़ी चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय, विश्वविद्यालय, राज्य स्तरीय या मान्यता प्राप्त स्कूल प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय या तृतीय स्थान प्राप्त किया हो। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ी भी पात्र होंगे। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, स्कूल अंकसूची, गत तीन वर्षों की खेल उपलब्धियों के प्रमाण पत्र, शासकीय चिकित्सक द्वारा जारी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र और चार नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास एवं भोजन, खेल किट, प्रतियोगिता भत्ता, शिक्षा व्यय, दुर्घटना बीमा और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाएगा। पंजीकरण 25 फरवरी 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। चयन के दौरान खिलाड़ियों को भोजन और आवास की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। चयन प्रक्रिया कुशाभाऊ ठाकरे खेल प्रशिक्षण केंद्र, जेतपुरा, इंदौर–अहमदाबाद रोड, धार में आयोजित की जाएगी।

