नई दिल्ली: अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 22 गेंदों पर 57 रन की तूफानी पारी खेलने के बाद संजू सैमसन ने भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में ओपनिंग स्थान को लेकर चल रही होड़ पर अपनी बात रखी। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने माना कि टीम प्रबंधन के सामने कई विकल्प मौजूद हैं और उन्हें इस चुनौती का पूरा एहसास है। संजू को अफगानिस्तान के खिलाफ पहले दोनों मुकाबलों में मौका मिला है, जबकि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में ओपनिंग स्लॉट को लेकर टीम में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ती जा रही है।
देश के लिए खेलना गर्व की बात, जीत के लिए पूरी ताकत लगाते हैं
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे मैच में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले संजू ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि मुझे लगता है कि बाहर लोगों को लगता है कि मेरे लिए वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा एक बड़े प्रतिद्वंदी हैं, लेकिन हम एक टीम हैं और देश के लिए खेल रहे हैं। हम सबसे पहले मैच जीतना चाहते हैं और उसके बाद ही व्यक्तिगत बातों पर ध्यान दिया जाता है। हम ये सोचकर उदास नहीं हो सकते या फिर निगेटिव सोच नहीं रख सकते हैं कि यार मुझे मौका नहीं दिया गया और उसे क्यों खिलाया गया क्योंकि ऐसी सोच यहां काम नहीं आती।
दबाव से निपटना सीख गया हूं, हर चुनौती के लिए हूं तैयार
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संजू सैमसन ने टीम से बाहर होने की अटकलों और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को नजरअंदाज करने के सवाल पर मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अपना वाई-फाई बंद रखने की कोशिश करते हैं, लेकिन कभी-कभी वाई-फाई चालू हो जाता है और कमेंट्स नजर आने लगते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि जब कोई सीनियर खिलाड़ी इस तरह की बात कहता है तो उन्हें लगता है कि यह सामान्य बात है। संजू ने माना कि भारत में बाहर की चर्चाओं का असर क्रिकेटरों पर पड़ता है, लेकिन खिलाड़ी को अपनी सोच, तैयारी और खेलने के नजरिए को लेकर स्पष्ट रहना चाहिए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि अब वह इतने परिपक्व और अनुभवी हो चुके हैं कि तनाव से निपटना सीख गए हैं और बाहरी बातों का अपने प्रदर्शन पर असर नहीं पड़ने देते।


