नई दिल्ली : अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पहले दो मुकाबलों में भारत के लिए अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने पारी की शुरुआत की। अभिषेक ने दोनों मैचों में प्रभावशाली बल्लेबाजी करते हुए टीम को तेज शुरुआत दिलाई, जबकि संजू पहले मुकाबले में बड़ा स्कोर नहीं बना सके थे। हालांकि, दूसरे टी20 में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए अर्धशतक जड़ा और अपनी लय हासिल की। सीरीज में अब सिर्फ एक मुकाबला बाकी है और ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि भारतीय टीम तीसरे टी20 में भी अभिषेक-संजू की जोड़ी पर भरोसा करती है या वैभव सूर्यवंशी को पारी की शुरुआत करने का मौका मिलता है।
अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जिस तरह की शानदार फॉर्म में हैं, उसे देखते हुए तीसरे टी20 की प्लेइंग इलेवन से इनमें से किसी एक को बाहर करना आसान फैसला नहीं होगा। हालांकि, अगर टीम प्रबंधन वैभव सूर्यवंशी को मौका देना चाहता है तो किसी एक खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ सकता है। दूसरे मैच में जीत के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी संकेत दिए थे कि वैभव को अगले मुकाबले की प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। इस टी20 सीरीज में अब तक वैभव के अलावा वाशिंगटन सुंदर और यश ठाकुर भी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
तीसरे टी20 में वैभव सूर्यवंशी की हो सकती है एंट्री, टीम इंडिया में मिलेगा मौका?
दूसरे मैच में मिली जीत के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने तीसरे मैच की प्लेइंग इलेवन में बदलाव की बात पर कहा कि हम चाहते हैं कि जो खिलाड़ी बाहर बैठे हैं वो सभी विकेट और हालात के आदि हो जाएं और थोड़ी प्रैक्टिस भी कर लें। इसलिए ऐसे खिलाड़ी जो बाहर बैठे हैं उन्हें मौका देने और टीम कॉम्बिनेशन में थोड़ा बदलाव करने के लिए ये एक अच्छा मैच (तीसरा मुकाबला) होगा। यानी श्रेयस की बातों से तो ऐसा लगता है कि तीसरे मैच के लिए भारतीय प्लेइंग इलेवन में बदलाव किया जा सकता है और वैभव, सुंदर या फिर यश जो बाहर बैठे हैं उन्हें मौका दिया जा सकता है, लेकिन किसे मौका दिया जाएगा और किसे नहीं इस पर सबकी नजरें बनी रहने वाली है।
वैभव सूर्यवंशी ने इसी साल इंग्लैंड दौरे पर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी जीता था। हालांकि, वैभव ने अब तक भारत की धरती पर कोई टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला है। अगर उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 में मौका मिलता है, तो वह भारत में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन सकते हैं और पीयूष चावला का रिकॉर्ड पीछे छोड़ सकते हैं।


