नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में आयोजित सारंग लीग बीडीसीए अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को सेमीफाइनल मुकाबलों का दूसरा दिन खेला गया। दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी और अरेरा क्रिकेट अकादमी ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। पहला सेमीफाइनल विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी और रेलवे यूथ क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। मैच के पहले दिन रेलवे यूथ का एक विकेट गिर चुका था। दूसरे दिन खेल शुरू होने पर विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रेलवे यूथ क्रिकेट अकादमी को 104 रन पर ऑलआउट कर दिया और 104 रनों से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। गेंदबाजी में वंश बॉथम और सत्येंद्र पांडेय ने 2-2 विकेट लिए, जबकि विनम्र, समर, दक्ष, विद्यांश और कबीर ने 1-1 विकेट झटके। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए विनम्र समुद्रे को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन का दूसरा सेमीफाइनल अरेरा क्रिकेट अकादमी और अकीरा क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। पहली पारी की बढ़त के बाद अरेरा क्रिकेट अकादमी ने दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए 215 रन बनाए। टीम की ओर से विवान ने 62 रन और युवराज ने 50 रनों की अहम पारी खेली। अकीरा क्रिकेट अकादमी की ओर से आदित्य परमार ने 4 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अकीरा क्रिकेट अकादमी की टीम 104 रन ही बना सकी। अकीरा की ओर से वेदांत ने 50 रन बनाए, जबकि तेजस सिंह ने गेंदबाजी में 4 विकेट हासिल किए। पहली पारी की बढ़त के आधार पर अरेरा क्रिकेट अकादमी ने यह मुकाबला जीत लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए अरेरा क्रिकेट अकादमी के विवान द्विवेदी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। अब टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी और अरेरा क्रिकेट अकादमी के बीच खेला जाएगा।


