नई दिल्ली: जापान ओपन 2025 में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। टूर्नामेंट के पहले राउंड में जीत दर्ज करने के बाद सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन दूसरे राउंड में उन्हें चीनी जोड़ी के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। यह हार न केवल भारतीय फैंस के लिए निराशाजनक रही, बल्कि पुरुष डबल्स में भारत की उम्मीदों को भी करारा झटका लगा। इसके अलावा स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन का भी सफर जापान ओपन के दूसरे राउंड में हार के साथ खत्म हो गया, जिसमें उन्हें मेजबान देश के खिलाड़ी के खिलाफ दो सेट तक चले मैच में सीधे सेटों में हार का सामना करना पड़ा।
सात्विक और चिराग की जोड़ी को करारी शिकस्त, नहीं मिली वापसी की राह
जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की प्रमुख डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा। उन्हें टूर्नामेंट के दूसरे दौर में पांचवीं वरीयता प्राप्त चीनी जोड़ी के खिलाफ 44 मिनट तक चले मुकाबले में सीधे गेमों में हार झेलनी पड़ी। पूरे मैच में चीनी जोड़ी ने आक्रामक रुख अपनाया और भारतीय खिलाड़ियों को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। इस हार के साथ सात्विक और चिराग की जोड़ी टूर्नामेंट से बाहर हो गई, जिससे भारत की पदक उम्मीदों को झटका लगा। इस मैच का पहला सेट जरूर रोमांचक रहा जिसमें सात्विक और चिराग ने धीमी शुरुआत की लेकिन जल्द ही लय हासिल करके पहले गेम में 18-14 से बढ़त बना ली थी, लेकिन इसके बाद चीनी जोड़ी ने 22-24 से जीत हासिल करने के साथ पहला सेट अपने नाम किया। वहीं दूसरे सेट में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी को वापसी का कोई भी मौका चीन की वेई केंग और वांग चांग की जोड़ी ने नहीं दिया और उसे 14-21 से अपने नाम किया।
लक्ष्य सेन ने दो सेट में गंवाया मुकाबला, निराशाजनक प्रदर्शन
वर्ल्ड नंबर 18 बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जापान ओपन 2025 में शानदार शुरुआत करते हुए पहले दौर में बेहतरीन जीत दर्ज की थी। उनके प्रदर्शन ने भारतीय फैंस में उम्मीदें जगा दी थीं, लेकिन सिंगल्स के दूसरे दौर में वह लय बरकरार नहीं रख सके। कठिन मुकाबले में लक्ष्य को हार का सामना करना पड़ा, यह हार उनके लिए निराशाजनक रही, लक्ष्य का सामना दूसरे राउंड में जापान के कोडी नारोका से था जिसमें एक घंटे से भी कम चले इस मैच के पहले सेट में लक्ष्य को जहां 19-21 से हार मिली तो वहीं दूसरे सेट को उन्होंने 11-21 से गंवा दिया। लक्ष्य सेन ने पहले राउंड में चीन के वांग झेंग जिंग को 21-11 और 21-18 से मात देते हुए शुरुआत अच्छी की थी, लेकिन वह अपनी लय को दूसरे राउंड में बरकरार रखने में कामयाब नहीं हो सके।


