नई दिल्ली : आईसीसी बहुत जल्द वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फॉर्मेट में बदलाव कर सकता है। अभी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में कुल 9 टीमें भाग लेती हैं, लेकिन आईसीसी टीमों की संख्या बढ़ाकर 12 करने पर विचार कर रहा है। इस बदलाव का उद्देश्य टेस्ट क्रिकेट को विश्व स्तर पर और मजबूत पहचान दिलाना है। साथ ही लॉस एंजेलिस में होने वाले 2028 ओलंपिक खेलों के लिए क्रिकेट को लेकर एक रोडमैप तैयार किए जाने की भी खबर है।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में तीन नई टीमों का संभावित आगमन
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में खेलने वाली 9 टीम ऑस्ट्रेलिया, भारत, पाकिस्तान न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और वेस्टइंडीज हैं. इनमें प्रत्येक टीम 6 सीरीज (3 घरेलू और 3 बाहर) खेलती है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अब जिम्बाब्वे, अफगानिस्तान और आयरलैंड को भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में एंट्री मिल सकती है.
दरअसल आईसीसी साल 2026 की अपनी पहली त्रैमासिक बैठक में बड़े फैसले लेने वाली थी. यह बैठक 25-27 मार्च तक दोहा (कतर) में होने वाली थी, लेकिन मिडल-ईस्ट में खराब हालातों के चलते बैठक का प्लान बदला गया. अधिकारियों ने वर्चुअल बैठक जरूर की, लेकिन अब तक किसी संबंध में कोई घोषणा नहीं की गई है.
2028 ओलंपिक के लिए ICC का बड़ा प्लान तैयार
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद, 2028 ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी को लेकर भी गंभीर है. ओलंपिक्स में पुरुष और महिलाओं की स्पर्धा में केवल 6-6 टीम ही भाग लेंगी. क्वालीफिकेशन प्रक्रिया कुछ ऐसी हो सकती है कि एशिया, प्रशांत महासागर में आने वाली टीम, यूरोप और अफ्रीकी महाद्वीप से टॉप की टीम ओलंपिक्स में जाएंगी. वहीं मेजबान होने के चलते यूएसए को डायरेक्ट एंट्री मिलेगी.
आईसीसी ने छठे और आखिरी स्लॉट पर अब तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस स्थान के लिए ग्लोबल क्वालीफाइंग टूर्नामेंट आयोजित किया जा सकता है, जिससे टीम का चयन किया जाएगा। इस पूरे मुद्दे पर जल्द ही एक विस्तृत रोडमैप तैयार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।


