सीनियर मेंस हॉकी चैंपियनशिप का आगाज 10 अक्टूबर से, 29 टीमें दिखाएंगी दम

0

नई दिल्ली : झांसी में शनिवार, 10 अक्टूबर से 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 का आगाज होगा। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 3 डिवीजन की कुल 29 टीमें हिस्सा लेंगी। डिवीजन ए में गत चैंपियन हॉकी पंजाब अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के बीच खिताब के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। टूर्नामेंट का समापन 21 अक्टूबर को होगा। उस दिन डिवीजन A का फाइनल खेला जाएगा। डिवीजन B और डिवीजन C के मुकाबले 10 अक्टूबर से शुरू होंगे, जबकि डिवीजन A के मैच 14 अक्टूबर से खेले जाएंगे।

हॉकी इंडिया की ओर से जारी बयान के अनुसार, टीमों को 2025 के टूर्नामेंट की उनकी रैंकिंग के आधार पर रखा गया है। यह चैंपियनशिप देश भर की टीमों को अपना हुनर ​​दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर मुकाबला करने का एक प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करेगी। पिछले संस्करण में पंजाब ने डिवीजन A के फाइनल में मध्यप्रदेश को 4-1 से हराकर 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 का खिताब जीता था। उत्तर प्रदेश ने तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में मणिपुर को 5-1 से हराया था।

डिवीजन A में 12 टीमें, 3-3 पूल में बांटा गया

डिविजन A में 12 टीमों को तीन-तीन टीमों के चार पूल में बांटा गया है। पूल ए में पंजाब, तमिलनाडु और बंगाल शामिल हैं। पूल बी में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और पुडुचेरी हैं। पूल सी में उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और चंडीगढ़ शामिल हैं, जबकि पूल डी में मणिपुर, हरियाणा और दिल्ली की टीमें हैं। पूल स्टेज के बाद 18 अक्टूबर को क्वार्टर फाइनल होंगे। क्वार्टर फाइनल में हर पूल की शीर्ष दो टीमें नॉकआउट स्टेज में पहुंचेंगी। सेमी फाइनल 19 अक्टूबर को होंगे। इसके बाद तीसरे स्थान के लिए और फाइनल मैच 21 अक्टूबर को खेले जाएंगे।

डिवीजन B: 10 टीमें, 2 पूल में

डिविजन B में दस टीमें दो पूल में मुकाबला करेंगी। पूल ए में ओडिशा, असम, केरल, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ की टीमें शामिल हैं। पूल बी में झारखंड, तेलंगाना, गोवा, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव तथा अरुणाचल की टीमें शामिल हैं।

डिवीजन C: 07 टीमें, 2 पूल में

डिवीजन सी में सात टीमें होंगी। इन्हें दो पूल में बांटा गया है। पूल A में मिजोरम, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर की टीमें शामिल हैं, जबकि पूल B में आंध्र प्रदेश, राजस्थान, बिहार और गुजरात की टीमें हैं। डिवीजन B और डिवीजन C के मैच 10 अक्टूबर से शुरू होंगे और टीमें अपने अभियान की मजबूत शुरुआत करना चाहेंगी। डिवीज़न A के मैच 14 अक्टूबर से शुरू होने हैं। इसमें कई कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here