मुंबई को जीत के बाद झटका, आयुष म्हात्रे बाहर; टीम में जगह के लिए 22 वर्षीय खिलाड़ी आगे

0

नई दिल्ली : मुंबई ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 में चंडीगढ़ को पारी और 155 रनों से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। हालांकि, इस शानदार जीत के बाद टीम को बड़ा झटका लगा। 19 वर्षीय सलामी बल्लेबाज और उपकप्तान आयुष म्हात्रे के चोट के कारण बाहर होने की जानकारी सामने आई है। रणजी ट्रॉफी का सीजन अभी शुरू ही हुआ है और ऐसे में म्हात्रे की गैरमौजूदगी मुंबई के लिए चिंता का विषय बन गई है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आयुष म्हात्रे की दाईं हैमस्ट्रिंग में इंजरी फिर से उभर आई है। इसी कारण वह तकरीबन एक महीने तक बाहर रहेंगे। यानी साफ है कि म्हात्रे मुंबई के लिए पहले लेग में होने वाले अगले तीन मैचों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। आयुष म्हात्रे ने चंडीगढ़ के खिलाफ मुकाबले में मुंबई के लिए पहली पारी में 48 रन बनाए थे और उसके बाद ही वह इंजरी से जूझते दिखे थे। फिर दूसरे व तीसरे दिन वह मैदान पर नहीं उतरे। सोमवार को उन्हें स्कैन के लिए ले जाया गया था। उनकी जगह दोनों दिन सुवेद पारकर को फील्डिंग करते देखा गया।

आईपीएल 2026 से भी बाहर हुए थे आयुष म्हात्रे, अब रणजी ट्रॉफी में लगा झटका

आईपीएल 2026 के बीच भी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए आयुष म्हात्रे चोटिल हो गए थे। उन्होंने फिर इसके बाद तकरीबन 5 महीने तक बाहर रहना पड़ा था। आईपीएल 2026 में भी वह बेहतरीन फॉर्म में थे लेकिन इंजरी के कारण बाहर होना पड़ा था। आईपीएल में चोटिल होने के बाद म्हात्रे कई प्रमुख टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाए। वह मुंबई के टी20 टूर्नामेंट, फिर इंडिया ए के श्रीलंका दौरे और फिर दलीप ट्रॉफी 2026 से बाहर थे।

अब रणजी ट्रॉफी 2026-27 में अच्छी शुरुआत के बावजूद उन्हें बाहर होना पड़ा है। आईपीएल में म्हात्रे ने 6 पारियों में 201 रन बनाए थे। फिर वह बेंगलुरु स्थित सीओई (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) में रिहैब कर रहे थए। रणजी ट्रॉफी से पहले कांगा लीग के दौरान उनका फिटनेस चेकअप हुआ था और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के फिजियो ने ही उन्हें रणजी में खेलनी की हरी झंडी दिखाई थी। अब यह एक बार फिर से सवाल खड़े कर सकता है।

म्हात्रे बाहर, अब मुंबई की टीम में किसकी होगी एंट्री?

हाल ही में जब मुंबई के स्क्वाड की घोषणा हुई थी तो सूर्यकुमार यादव को बाहर करने पर काफी बवाल मचा था। दरअसल पहले एमसीए ने सूर्या से पूछा था कि वह उपलब्ध रहेंगे या नहीं, जब सूर्या ने कहा वह उपलब्ध हैं तो उन्हें चुना नहीं गया था। चयनकर्ता राजेश पवार ने इस पर सफाई देते हुए कहा था कि सूर्यकुमार यादव को पहले कुछ रेड बॉल मुकाबले खेलने की जरूरत है। यानी अब आयुष के बाहर होने के बावजूद उनकी वापसी मुश्किल है।

फिलहाल इस रेस में कोलकाता नाइट राइडर्स के ओपनर अंगकृष रघुवंशी आगे नजर आ रहे हैं। 22 वर्षीय रघुवंशी ने हाल ही में शेष भारत इंडिया अंडर 23 के लिए खेलते हुए चेन्नई में तमिलनाडु के खिलाफ 203 और फिर मुंबई अंडर 23 के लिए खेलते हुए बंगाल के खिलाफ 201 रन की पारियां खेली थीं। इस लिहाज से बतौर ओपनर वह आयुष म्हात्रे के सटीक रिप्लेसमेंट हो सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here