रणजी ट्रॉफी: सिराज की कप्तानी में हैदराबाद की जीत, तनय ने झटके 9 विकेट

0

नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2026 के एलीट ग्रुप बी मुकाबले में हैदराबाद ने त्रिपुरा को पारी और 40 रन से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की। मोहम्मद सिराज की कप्तानी में उतरी हैदराबाद की टीम ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया। टीम की जीत के हीरो तनय त्यागराजन रहे, जिन्होंने पहली पारी में 3 और दूसरी पारी में 6 विकेट झटके। इस तरह उन्होंने पूरे मैच में कुल 9 विकेट लेकर त्रिपुरा की बल्लेबाजी को झकझोर दिया और हैदराबाद की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई।

त्रिपुरा की टीम ने इस मैच में पहले खेलते हुए 44 ओवर में सिर्फ 134 रन बनाए थे और अपने सभी विकेट गंवा दिए थे। जवाब में हैदराबाद ने पहली पारी में 294 रन बनाते हुए 160 रनों की बढ़त हासिल की थी। हैदराबाद के लिए ओपनर तन्मय अग्रवाल ने 54 और मध्यक्रम के बल्लेबाज रुतिक यादव मेंडे ने 61 रनों की पारी खेली थी। वहीं निचले क्रम में खेलते हुए राहुल रदेश और चामा मिलिंद ने 40-40 रन बनाए थे।

मोहम्मद सिराज को दूसरी पारी में मिली पहली सफलता

फिर दूसरी पारी में भी त्रिपुरा के बल्लेबाजों ने निराश किया। टीम 160 रन की बढ़त को पार करके पारी की हार को भी नहीं टाल सकी। दूसरी पारी में त्रिपुरा 41.2 ओवर में 120 रन बनाकर सिमट गई। कप्तान मोहम्मद सिराज का पहली पारी में विकेटों का खाता नहीं खुला था लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने 9 ओवर में 19 रन देकर दो विकेट लिए। उनके अलावा तन्मय त्यागराजन ने 16.2 ओवर की गेंदबाजी करते हुए 52 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए। रुतिक यादव और अभिरात रेड्डी को एक-एक सफलता मिली। पहली पारी में पंजा खोलने वाले हैदराबाद के गेंदबाज अनिकेत रेड्डी दूसरी पारी में खाली हाथ रहे।

इस जीत के साथ हैदराबाद ग्रुप बी की अंकतालिका में टॉप पर पहुंच गई। यह मुकाबला ढाई दिन में ही खत्म हो गया। हैदराबाद को बोनस अंक भी मिले और इस जीत के बाद उसके कुल 7 अंक हो गए। 18 अक्टूबर से हैदराबाद अपने दूसरे मैच में आंध्र प्रदेश का सामना करेगी। वहीं त्रिपुरा की भिड़ंत दूसरे मैच में 18 अक्टूबर से ही असम के साथ होगी। मंगलवार को आए अन्य नतीजों की बात करें तो ग्रुप डी के मैच में मुंबई ने भी चंडीगढ़ को पारी और 155 रनों से मात दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here