भोपाल। मध्य प्रदेश हाॅकी अकादमी की सात खिलाड़ी बेटियों के भारतीय महिला हाॅकी टीम में चयन की खबर से खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया ने भारतीय महिला हाॅकी ‘ए’ टीम में अकादमी की खिलाड़ी बेटियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ी बेटियों को बधाई दी है। उन्होंने खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रतिभा प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
गौरतलब है कि हाॅकी इंडिया द्वारा 18 सदस्यीय महिला हाॅकी ‘ए’ टीम की घोषणा की गई हैं। भारतीय टीम में मध्य प्रदेश राज्य महिला हाॅकी अकादमी की जिन खिलाड़ियों का चयन किया गया है उनमें प्रीति दुबे (फारवर्ड) (कप्तान) बिचु देवी खारिबम एवं दिव्या ठेपे (गोलकीपर), नीलू डाडिया एवं सुमन देवी (डिफेंडर), इशिका चैधरी और नीलांजली राय (मिडफील्डर) शामिल है।
प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर
प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया द्वारा खेलों के विकास में ली जा रही विशेष रूचि और प्रयासों के चलते खेलों के क्षेत्र में मध्य प्रदेश को नित नई ऊंचाईयां मिल रही है। संचालक खेल और युवा कल्याण श्री उपेन्द्र जैन ने बताया कि खिलाड़ियों के बेहतर कैरियर के मद्देनजर खेल विभाग द्वारा विभिन्न ख्ेाल अकादमियां संचालित की जा रही है। अकादमी के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे उच्च स्तरीय खेल संसाधनों और प्रशिक्षण के चलते प्रदेश के खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलों का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महिला हाॅकी खिलाड़ियों के लिए विभाग द्वारा ग्वालियर में हाॅकी अकादमी संचालित की जा रही है जिसमें खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं और प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खेल मंत्री जी के प्रयासों से प्रदेश के खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर मिल रहा है।
अकादमी ने किया सफलता का मार्ग प्रशस्त
भारतीय ‘ए’ टीम के लिए चयनित हुई हाॅकी अकादमी की खिलाड़ी बेटियां वर्तमान में राजधानी स्थित साई में चल रहे राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। भारतीय टीम में नियुक्त कप्तान प्रीति दुबे सहित अन्य खिलाड़ियों ने अकादमी की खेल सुविधाओं की सराहना करते हुए बताया कि खेल मंत्री द्वारा खेलों में विशेष रूचि ली जा रही है और खिलाड़ियों को हर संभव खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि अकादमी के माध्यम से मिल रहे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण से ही आज हम इस मुकाम पर हैं। गौरतलब है कि महिला हाॅकी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक श्री परमजीत सिंह के मार्गदर्शन में उक्त खिलाड़ी प्रशिक्षणरत है।

