शिलॉन्ग. भारत के प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट 134वें इंडियन ऑयल डुरंड कप की शुरुआत शिलॉन्ग लाजोंग एफसी की धमाकेदार जीत के साथ हुई। उन्होंने मलेशिया की टीम आर्म्ड फोर्सेस एफटी को 6-0 से करारी मात दी। मैच में एवरब्राइटसन सना और फ्रांगकी बुआम ने दो-दो गोल किए, जबकि ट्रेइमिकी लामुरोंग और देइबोरमेमे टोंगपर ने एक-एक गोल कर टीम की बड़ी जीत में योगदान दिया। यह मुकाबला ग्रुप ई के तहत शिलॉन्ग में खेला गया। शिलॉन्ग लाजोंग के कोच बीरेन्द्र थापा ने टीम को 4-3-3 फॉर्मेशन में उतारा। मैच की शुरुआत से ही टीम ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और हमलावर खेल दिखाया। 12वें मिनट में सना ने पहला गोल हेडर से किया। पहले हाफ में मलेशियाई टीम कुछ मौके बना सकी, लेकिन गोल में नहीं बदल पाई।
दूसरे हाफ में बारिश की तरह बरसे गोल
दूसरे हाफ की शुरुआत में ही फ्रांगकी बुआम ने दो मिनट में दो गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। फिर 66वें मिनट में सना ने अपना दूसरा गोल किया। इसके बाद विकल्प खिलाड़ी ट्रेइमिकी लामुरोंग ने बॉक्स के किनारे से शानदार गोल दागा और फिर अंतिम मिनट में देइबोरमेमे टोंगपर ने टीम के लिए छठा गोल किया। शिलॉन्ग की डिफेंस लाइन – कप्तान केनस्टार खारसोंग और सावेमे तारियांग ने मलेशिया को कोई बड़ा मौका नहीं दिया। इस जीत से शिलॉन्ग लाजोंग ने टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की है। मैच का सीधा प्रसारण सोनी टेन 2 एचडी और सोनीलिव पर किया गया।
अगला मुकाबला
कल आईटीबीपी एफटी और कार्बी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार एफसी के बीच मुकाबला दोपहर 3 बजे साई स्टेडियम में होगा। वहीं, शाम 7 बजे साउथ यूनाइटेड एफसी और इंडियन एयरफोर्स एफटी के बीच भिड़ंत होगी।


