नई दिल्ली : दुनिया की नंबर एक वनडे टीम भारत, शुभमन गिल की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 19 अक्टूबर, रविवार को पर्थ में खेलेगी। इस मैच के साथ ही शुभमन गिल वनडे प्रारूप में पहली बार भारतीय टीम की कमान संभालते हुए नजर आएंगे। यह सीरीज गिल के लिए बतौर कप्तान एक अहम परीक्षा मानी जा रही है।
शुभमन गिल की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ी चुनौती
शुभमन गिल के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में बतौर कप्तान खुद को साबित करना बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि यह उनका 50-50 प्रारूप में पहली बार कप्तानी करना होगा। हालांकि, गिल ने इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट कप्तान के रूप में शानदार प्रदर्शन किया था, और अब उनसे उम्मीद की जा रही है कि वह ऑस्ट्रेलिया में भी वैसा ही कमाल दिखाएँ।
भारत के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के कई बेहतरीन खिलाड़ी नहीं खेलेंगे जिसमें पैट कमिंस और कैमरन ग्रीन शामिल हैं। जाहिर है इसका फायदा भारत को मिलेगा, लेकिन इसके बावजूद अपनी धरती पर कंगारू टीम काफी मजबूत है। गिल के पास ऑस्ट्रेलिया में ज्यादा वनडे मैच खेलने का अनुभव नहीं है, लेकिन उनके साथ रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे प्लेयर हैं जो उनका मार्ग-दर्शन जरूर करेंगे।
भारतीय टीम में सितारों की भारी मौजूदगी
भारतीय टीम 3 मैचों की वनडे सीरीज में कंगारू टीम के खिलाफ जीत से शुरुआत करना चाहेगी तो वहीं मिचेल मार्श की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया भी कुछ ऐसा ही चाह रही होगी। इसमें कोई शक नहीं है कि ये वनडे मैच बेहद शानदार होने वाला है। भारतीय टीम काफी मजबूत दिख रही है और टीम में मैच जिताऊ प्लेयर की कोई कमी नहीं है तो वहीं कंगारू टीम भी अपने घरेलू कंडीशन का लाभ लेने की कोशिश करेगी।
भारत की बैटिंग लाइनअप काफी मजबूत नजर आ रही है, जिसमें शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जैसे दिग्गज शामिल हैं। इसके अलावा, टीम में कुछ बेहतरीन ऑलराउंडर भी मौजूद हैं। गेंदबाजी विभाग जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी के बावजूद कमजोर नहीं दिख रहा है, लेकिन तेज गेंदबाजों को जिम्मेदारी के साथ प्रदर्शन करना होगा। इस मैच में हर्षित राणा के डेब्यू करने की संभावना भी है। पहले वनडे के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन कुछ इस तरह हो सकती है।
पर्थ वनडे के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नितीश कुमार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा/ प्रसिद्ध कृष्णा।
पर्थ वनडे के लिए ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग इलेवन
मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, एलेक्स कैरी, जोश फिलिप, बेन ड्वार्शिस, जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क, नाथन एलिस, जेवियर बार्टलेट, मैट शॉर्ट, मिचेल ओवेन।


