नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर इरफान पठान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को होने वाले पहले वनडे मुकाबले के लिए अपनी पसंदीदा भारतीय प्लेइंग इलेवन का ऐलान किया है। इरफान ने इस मैच के लिए एक संतुलित टीम का चयन किया है, जिसमें उन्होंने युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को भी शामिल किया है। उनके इस चयन से यह साफ झलकता है कि वह अनुभव और युवा जोश के बीच एक बेहतरीन संतुलन देखना चाहते हैं।
टीम में ऑलराउंडर की भूमिका निभाएंगे नितीश रेड्डी और अक्षर पटेल
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इरफान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे के लिए अपनी पसंदीदा प्लेइंग इलेवन का चयन किया। उन्होंने ऑलराउंडर के रूप में नितीश कुमार रेड्डी और अक्षर पटेल को शामिल किया, जबकि तीन तेज गेंदबाजों के तौर पर हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज को चुना। स्पिन विभाग में उन्होंने कुलदीप यादव को जगह दी, जिन्होंने एशिया कप 2025 में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया और सबसे ज्यादा विकेट अपने नाम किए थे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इरफान पठान ने हर्षित राणा के बारे में कहा कि मुझे लगता है कि वो खेलेंगे क्योंकि वो इस टीम में एकमात्र गेंदबाज हैं जो बैटिंग भी कर सकते हैं। मुझे लगता है कि उन्हें 8वें नंबर पर बैटिंग के लिए भेजा जाएगा। मैं उन्हें तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में देख रहा हूं और ये उनके लिए भी अच्छा प्रदर्शन करने का एक बेहतर मौका होगा। इरफान को लगता है कि कप्तान शुभमन गिल के लिए वनडे सीरीज में सीखने के लिए काफी कुछ होगा क्योंकि टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज मौजूद हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इरफान पठान ने कहा कि शुभमन गिल के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि वह रोहित शर्मा के साथ कितने सम्मानपूर्वक पेश आते हैं। उनका मानना है कि गिल दोनों, रोहित शर्मा और विराट कोहली का सम्मान करते हैं। इसके अलावा यह देखना भी अहम होगा कि गिल रोहित को उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद किस तरह से आगे बढ़ने और टीम में योगदान देने का अवसर देते हैं।
पहले वनडे के लिए इरफान पठान की भारतीय प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।


