लॉस एंजिलिस। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने अमेरिका के लॉस एंजिलिस में आयोजित नाइकी के एक विशेष इवेंट में मशहूर अमेरिकी रैपर और ग्रैमी-नॉमिनेटेड कलाकार ट्रैविस स्कॉट से मुलाकात की। गिल ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा, “अपने-अपने खेल को बदलने वाले लोगों के साथ शानदार वीकेंड।” यह इवेंट फीफा विश्व कप 2026 के दौरान आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में शुभमन गिल की मुलाकात सिर्फ ट्रैविस स्कॉट से ही नहीं, बल्कि ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो और सात बार के फॉर्मूला-1 विश्व चैंपियन लुईस हैमिल्टन से भी हुई। दुनिया के अलग-अलग खेलों और मनोरंजन जगत की इन बड़ी हस्तियों के साथ गिल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
शुभमन गिल हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद चर्चा में रहे। उनकी कप्तानी में भारत ने सीरीज 3-0 से अपने नाम की, जबकि गिल ने दो पारियों में 232 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। इसी दौरान उन्होंने वनडे क्रिकेट में 3000 और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7000 रन का आंकड़ा भी पार किया।
ट्रैविस स्कॉट अमेरिका के सबसे लोकप्रिय रैपर, गायक और संगीत निर्माता हैं। उनका असली नाम जैक्स बर्मन वेबस्टर-II है। वे Sicko Mode, Goosebumps और FE!N जैसे सुपरहिट गीतों के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं। संगीत के अलावा फैशन इंडस्ट्री में भी उनकी मजबूत पहचान है और वे कई वैश्विक ब्रांड्स के साथ जुड़ चुके हैं।


