गुकेश के सामने अब सिंदारोव की चुनौती, 22 साल बाद स्विट्जरलैंड में होगा विश्व शतरंज का महासंग्राम

0

नई दिल्ली : शतरंज जगत का सबसे बड़ा मंच विश्व चैंपियनशिप इस साल के अंत में 24 नवंबर से 11 दिसंबर तक अपने गढ़ स्विट्जरलैंड के जेनेवा में होगी। यहां इतिहास के सबसे युवा विश्व चैंपियन भारत के 20 वर्षीय डी. गुकेश को उज्बेकिस्तान के विश्व चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव चुनौती पेश करेंगे। 2004 में पहली बार चैंपियनशिप स्विट्जरलैंड में हुई थी, जहां व्लादिमीर क्रैमनिक ने पीटर लेको को हराया था। अब 22 साल बाद फिर यह टूर्नामेंट स्विट्जरलैंड लौट रहा है। शतरंज की बिसात जेनेवा स्थित कोलोग्नी की प्रख्यात फोन्डेशन मार्टिन बोडमर लाइब्रेरी और म्यूजियम में बिछेगी।

कार्यक्रम तारीख
ओपनिंग सेरेमनी 22 नवंबर
पहले से 14वें दौर तक के मैच 24 नवंबर–11 दिसंबर
टाईब्रेकर 12 दिसंबर

कुल पुरस्कार राशि 25 लाख अमेरिकी डॉलर (23.97 करोड़ रुपये) है। प्रत्येक खिलाड़ी को जीते गए हर गेम के लिए 2 लाख अमेरिकी डॉलर (1.91 करोड़ रुपये) मिलेंगे। मैच के अंत में शेष राशि दोनों खिलाड़ियों के बीच बराबर बांटी जाएगी। यह मैच अधिकतम 14 क्लासिकल गेम्स का होगा। जीत पर 1 अंक और ड्रॉ पर 0.5 अंक मिलेंगे। जो खिलाड़ी पहले 7.5 अंक हासिल करेगा, वही विश्व चैंपियन बनेगा। अगर 14 गेम्स के बाद स्कोर 7-7 रहा, तो टाइब्रेकर से फैसला होगा। हर गेम में खिलाड़ियों को पहली 40 चालों के लिए 120 मिनट मिलेंगे। फिर बाकी गेम के लिए 30 मिनट अतिरिक्त मिलेंगे। 41वीं चाल से हर चाल में 30 सेकंड का इजाफा होगा। काले मोहरों से खेलते हुए 40वीं चाल से पहले ड्रॉ ऑफर नहीं दिया जा सकता। हालांकि, 3 बार चाल दोहराने या चाल न बचने की स्थिति में ड्रॉ हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here