वेदांत और उत्सव के अर्धशतकों से अकीरा की शानदार जीत, मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी को 7 विकेट से हराया

0

NST NEWS, भोपाल. प्रसून सारंग स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में अकीरा क्रिकेट टीम ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी (एमसीसीए) को 7 विकेट से हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की। गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के बाद वेदांत पांडे और उत्सव पंवार की अर्धशतकीय पारियों ने अकीरा को एकतरफा जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी की टीम 29.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से निशांत परचवानी ने सर्वाधिक 34 रन बनाए। उन्होंने 53 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और 1 छक्का लगाया। अर्नव धाकड़ ने 24 रन और शौर्य बदौनिया ने 22 रन का योगदान दिया, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में असफल रहे। अकीरा की ओर से श्रेयंश फरकाले ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 13 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। समर्थ पुंतंबेकर ने 2 विकेट लिए, जबकि उत्सव पंवार और आद्या व्यास ने भी दो-दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

130 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अकीरा की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सलामी बल्लेबाज वेदांत पांडे ने 35 गेंदों में 52 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 1 छक्का शामिल था। उनके साथ उत्सव पंवार ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों पर 50 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए मजबूत साझेदारी कर मैच को पूरी तरह अकीरा के पक्ष में मोड़ दिया। इसके बाद समर्थ पुंतंबेकर ने नाबाद 22 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। अकीरा ने मात्र 18 ओवर में 3 विकेट खोकर 130 रन बनाते हुए मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। एमसीसीए की ओर से श्रीवर्धन चतुर्वेदी, अखंड प्रताप सिंह और हृदेश सिंह सियोते को एक-एक विकेट मिला, लेकिन वे विपक्षी बल्लेबाजों को रोकने में सफल नहीं हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here