नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने बांग्लादेश के खिलाफ डारविन टेस्ट में अपने करियर का 82वां फिफ्टी प्लस स्कोर दर्ज किया। इसके साथ ही उन्होंने महान बल्लेबाज ब्रायन लारा और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ की बराबरी कर ली। ऑस्ट्रेलियाई पारी के शुरुआती दौर में विकेट गिरने के बीच स्मिथ ने एक छोर संभाले रखा और महत्वपूर्ण अर्धशतक लगाया।
स्मिथ के टेस्ट करियर का यह 124वां मुकाबला है और उन्होंने 221वीं पारी में 45वां अर्धशतक पूरा किया। यह उनका कुल 82वां फिफ्टी प्लस स्कोर है। ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने के मामले में स्मिथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं, जहां उन्होंने स्टीव वॉ की बराबरी की। वहीं, टेस्ट क्रिकेट के ओवरऑल रिकॉर्ड में वह ब्रायन लारा के बराबर आ गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज
103 : रिकी पोंटिंग (168 Tests)
90 : एलन बॉर्डर (156 Tests)
82 : स्टीव स्मिथ (124 Tests)*
82 : स्टीव वॉ (168 Tests)
67 : मार्क वॉ (128 Tests)
टेस्ट रिकॉर्ड में स्मिथ का जलवा, गावस्कर-लक्ष्मण से निकले आगे
टेस्ट क्रिकेट में फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने के मामले में स्टीव स्मिथ सुनील गावस्कर और वीवीएस लक्ष्मण से भी आगे हैं। सुनील गावस्कर के नाम 79 (34 शतक और 45 अर्धशतक) फिफ्टी प्लस स्कोर दर्ज हैं। जबकि वीवीएस लक्ष्मण ने 73 (56 अर्धशतक और 17 शतक) फिफ्टी प्लस स्कोर अपने करियर में बनाए।
ऑस्ट्रेलिया संकट में, स्मिथ ने एक छोर पर संभाली पारी
डारविन में बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन स्टीव स्मिथ ने 109 गेंदों पर 71 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया का कोई भी बल्लेबाज 25 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही सत्र में 74 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद स्मिथ ने एक छोर संभालते हुए पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 200 रन के करीब पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अपनी पारी के दौरान स्मिथ ने 7 चौके और एक छक्का लगाया।


