नई दिल्ली : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। अब सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना बांग्लादेश से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला रविवार को भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे से कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क, निशिन में खेला जाएगा। इस मुकाबले में भारतीय टीम की नजर फाइनल में जगह बनाने पर होगी। क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया आत्मविश्वास से भरी है और फाइनल का टिकट हासिल करने के लिए मैदान पर उतरेगी।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स में मौजूदा चैंपियन है और टीम इंडिया की नजर एक बार फिर खिताब अपने नाम करने पर होगी। सेमीफाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से होगा। भारतीय टीम इस मुकाबले में अपनी मजबूत प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरना चाहेगी और बांग्लादेश को किसी भी स्तर पर हल्के में नहीं लेना चाहेगी। भारत अब फाइनल में पहुंचने से सिर्फ एक कदम दूर है और खिताबी मुकाबले में जगह बनाने के लिए उसे सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज करनी होगी।
बांग्लादेश के खिलाफ ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग इलेवन
भारत को पहले मैच में जापान के खिलाफ आसान जीत मिली थी, लेकिन इस मैच में स्मृति मंधाना की जगह शैफाली वर्मा से साथ जी कमालिनी ने पारी की शुरुआत की थी, लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ स्मृति और शैफाली ही पारी की शुरुआत करेंगी जबकि तीसरे नंबर पर कमालिनी बैटिंग के लिए उतर सकती हैं। इसके बाद चौथे नंबर पर कप्तान हरमनप्रीत कौर होंगी जबकि भारती फुलमाला पांचवें स्थान पर आ सकती हैं।
जापान के खिलाफ मुकाबले में कमालिनी का बल्ला नहीं चला था, लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ उनसे बेहतर पारी की उम्मीद रहेगी। वहीं भारती फुलमाली भी पिछले मुकाबले में बड़ी पारी नहीं खेल पाई थीं, ऐसे में टीम को उनसे भी जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी की उम्मीद होगी। ऋचा घोष टीम में फिनिशर की भूमिका निभा सकती हैं और छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतर सकती हैं। दीप्ति शर्मा ऑलराउंडर की भूमिका संभालेंगी, जबकि श्रीचरणी और श्रेयंका पाटिल स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा संभाल सकती हैं। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा के हाथों में रहने की संभावना है।
बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, गुनालन कमलिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा।


