नई दिल्ली : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान और स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने श्रीलंका के खिलाफ एशियन गेम्स 2026 के फाइनल मुकाबले में शानदार अर्धशतक जड़कर एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। इस पारी के दौरान उन्होंने अपना 37वां टी20 इंटरनेशनल अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही स्मृति ने पारी में 13 रन बनाते ही महिला क्रिकेट में एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। उनकी इस पारी ने टीम इंडिया के लिए गोल्ड मेडल मुकाबले में अहम भूमिका निभाई।
हाल ही में स्मृति मंधाना ने मिताली राज को पीछे छोड़ते हुए सबसे ज्यादा महिला इंटरनेशनल रन का रिकॉर्ड बनाया था। अब वह 11 हजार रन महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में पूरे कर चुकी हैं। वह महिला क्रिकेट में यह मुकाम हासिल करने वाली पहली खिलाड़ी बनी हैं। उन्होंने अपने 308वें इंटरनेशनल मैच में यह उपलब्धि हासिल की है। वहीं उन्होंने अपनी साथी ओपनर शैफाली वर्मा के साथ भी तीन बड़े रिकॉर्ड बनाए।
महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टॉप 5 खिलाड़ी
स्मृति मंधाना (भारत): 11060* रन
मिताली राज (भारत): 10868 रन
सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड): 10740 रन
शार्लेट एडवर्ड्स (इंग्लैंड): 10273 रन
स्टेफनी टेलर (वेस्टइंडीज): 10005 रन
स्मृति और शैफाली ने बनाया नया रिकॉर्ड
स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा की जोड़ी पहले से ही महिला टी20 इंटरनेशनल में एकसाथ सबसे ज्यादा पार्टनरशिप रन बनाने वाली जोड़ी थी। इस मैच में दोनों ने एकसाथ 4 हजार रनों की पार्टनरशिप की। दुनिया में किसी भी विकेट के लिए टी20 इंटरनेशनल में ऐसा करने वाली यह पहली जोड़ी बनी। शैफाली वर्मा ने इस पारी में 29 गेंद पर 48 रन बनाए और 3 चौके व 3 छक्के जड़े। स्मृति मंधाना ने 44 गेंद पर 79 रन की पारी खेली जिसमें 5 चौके व 7 छक्के शामिल थे।
महिला टी20 इंटरनेशनल में किसी भी विकेट के लिए एकसाथ सबसे ज्यादा रन
4000 रन: स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा (IND-W)
2949 रन: ईशा ओजा, तीर्था सतीश (UAE-W)
2720 रन: एलिसा हीली, बेथ मूनी (AUS-W)
2556 रन: सूजी बेट्स, सोफी डिवाइन (NZ-W)
फाइनल में भारत की धुआंधार शुरुआत
शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने एशियन गेम्स 2026 की महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 10 ओवर में टीम का स्कोर 99 रन तक पहुंचा दिया। हालांकि, शैफाली और स्मृति की जोड़ी 100 रन की साझेदारी पूरी नहीं कर सकी, लेकिन दोनों ने अपनी तेजतर्रार बल्लेबाजी से गोल्ड मेडल मुकाबले में भारत को मजबूत शुरुआत दिला दी।


