ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होंगे सौरव गांगुली, यह सम्मान पाने वाले भारत के 12वें क्रिकेटर बनेंगे

0

नई दिल्ली. भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को जल्द ही ICC Hall of Fame में शामिल किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसकी आधिकारिक घोषणा 11 जुलाई को एडिनबर्ग में आयोजित ICC की वार्षिक कॉन्फ्रेंस के दौरान की जाएगी। इस सम्मान के साथ गांगुली ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले भारत के 12वें क्रिकेटर बन जाएंगे।

यह उपलब्धि गांगुली के 54वें जन्मदिन के अवसर पर मिलने जा रही है। इसी दिन उनकी बायोपिक ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ का फर्स्ट लुक भी जारी किया गया। पोस्टर में अभिनेता राजकुमार राव वर्ष 2002 की नेटवेस्ट ट्रॉफी जीत के बाद लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड की ऐतिहासिक बालकनी में जर्सी लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। गांगुली ने इसे अपने जन्मदिन का सबसे खास तोहफा बताया।

मैच फिक्सिंग संकट के बाद बदली भारतीय क्रिकेट की तस्वीर

साल 2000 में मैच फिक्सिंग विवाद के बाद गांगुली ने भारतीय टीम की कप्तानी संभाली। उनके नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट ने नई दिशा हासिल की। उन्होंने वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह, युवराज सिंह, जहीर खान, मोहम्मद कैफ और बाद में महेंद्र सिंह धोनी जैसे खिलाड़ियों पर भरोसा जताया, जिन्होंने आगे चलकर भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

उनकी कप्तानी में भारत ने 2002 की चैंपियंस ट्रॉफी साझा की, 2003 वनडे विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई, इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज ड्रॉ की, 2004 में पाकिस्तान में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीती और ऑस्ट्रेलिया की लगातार 16 टेस्ट जीत का सिलसिला भी रोका।

शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर

गांगुली ने भारत के लिए 113 टेस्ट मैचों में 7,212 रन बनाए, जिनमें 16 शतक शामिल हैं। 311 वनडे मुकाबलों में उन्होंने 11,363 रन और 22 शतक लगाए। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम 132 विकेट भी दर्ज हैं। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष भी रहे और वर्तमान में Cricket Association of Bengal के अध्यक्ष हैं।

पहले ये भारतीय खिलाड़ी पा चुके हैं सम्मान

गांगुली से पहले बिशन सिंह बेदी, कपिल देव, सुनील गावस्कर, अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वीनू मांकड़, वीरेंद्र सहवाग, डायना एडुल्जी, नीतू डेविड और महेंद्र सिंह धोनी को ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया जा चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here